शहर के बाहर बनाया आरटीओ दफ्तर न पहुंच मार्ग ठीक न साइनबोर्ड, आम आदमी परेशान

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। वाहन चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस चाहिए और ट्रायल देने के लिए आरटीओ दफ्तर जाना जरूरी है। आरटीओ से जुड़े ऐसे ही सैकड़ों काम के लिए दफ्तर जाने वाले लोग बेहद परेशान हैं। इसकी वजह है आरटीओ कार्यालय का स्थान। दाउदखेड़ी में बने आरटीओ दफ्तर तक पहुंचने के लिए ना तो ठीक-ठाक सडक़ है, न संकेतक लगे हैं। ऐसे में आवेदक परेशान हो रहे हैं। बारिश का यह सीजन तो उनके लिए मुसीबत बन गया है।
दरअसल, दो साल पहले दाउदखेड़ी में आरटीओ दफ्तर बनाया गया था। यहां कार्यालय खोलने का मकसद था लाइसेंस के ट्रायल के लिए खुली जगह होना। पंचायत का हिस्सा होने से दफ्तर उज्जैन सिटी से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित है। करीब ७.३१ करोड़ की लागत से बने आरटीओ भवन और ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के निर्माण की स्वीकृति वर्ष 2014 में मिली थी। तब इसकी लागत 6 करोड़ रुपए आंकी गई थी। जरूरी जमीन मिलने में देरी की वजह से लागत बढ़ गई और यह ७.३१ करोड़ रुपए में तैयार हुआ।
भवन आधुनिक, लेकिन रास्ता उबड़-खाबड़
आरटीओ कार्यालय यूं तो हर तरह की आधुनिक सुविधाओं से लैस है, पर सबसे बड़ी कमी उबड़-खाबड़ मार्ग और संकेतक का नहीं होना है। इंदौर-उन्हेल बायपास से जीवनखेड़ी मोड़ से टर्न लेने के बाद दफ्तर का पता ही नहीं चलता, क्योंकि मार्ग में कहीं भी साइन बोर्ड नहीं लगे हैं। एक टर्न के बाद अगर आपको रास्ता भी पूछना हो तो सूनसान इलाका होने से कोई नहीं मिलता। यह स्थिति सिंकदरी मोड़ तक बनी रहती है। पूरा मार्ग टूटा-फूटा पड़ा है।
पहली बार आने वालों को ज्यादा परेशानी
ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, परमिट और आरटीओ संबंधी कार्यों के लिए पहली बार आने वाले लोग रास्ते की जानकारी नहीं होने से जमकर परेशान होते हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत उज्जैन शहर के बाहर से आने वाले आवेदकों को होती है। ऑफिस तलाशने में उन्हें काफी समय लगता है।
पहुंच मार्ग ठीक करने की जरूरत, साइन बोर्ड की भी
आरटीओ कार्यालय यातायात और परिवहन व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण सरकारी केंद्र है। ऐसे में लोगों के लिए व्यवस्थित सडक़, स्पष्ट संकेतक, पार्किंग और सुरक्षित आवागमन सुविधा महत्वपूर्ण है। सरकार ने यहां भले ही आधुनिक भवन बना दिया हो लेकिन पहुंच मार्ग और साइन बोर्ड भी होना जरूरी है। ताकि वाहन संबंधी काम के लिए आने वाले लोगों को कार्यालय खोजने में परेशानी न हो।









