अहमदाबाद की चेतन कंपनी शासन को 13 करोड़ रु. का फायदा देकर बनाएगी फ्रीगंज ओवरब्रिज

शासन ने टेंडर कास्ट 71 करोड़ रुपए रखी
कंपनी ने 58 करोड़ रुपए में लिया है ठेका
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। फ्रीगंज ब्रिज के निर्माण पर छाया कुहासा अब छंटने की कगार पर है। जब से इस ब्रिज को बनाने की घोषणा हुई है तब से यह समाचारों में ही गोते लगा रहा है। कभी एजेंसी मजदूर न होने का बहाना बना कर चली गई तो कभी निर्माण सामग्री का बहाना बनाया गया। अब इस ब्रिज को बनाने के लिए अहमदाबाद की कंपनी सामने आई है। चेतन कंस्ट्रक्शन के नाम से पहचानी जाने वाली इस कंपनी ने दावा किया है कि दिसंबर 2027 तक ब्रिज का काम पूरा कर दिया जाएगा। इस कंपनी ने 58 करोड़ में ठेका लिया है। बताया जाता है कि कंपनी कुछ लोग यहां आ गए हैं। रेलवे आदि विभागों से सेतु शाखा ने सभी बिंदुओं पर समन्वय बना लिया है, ऐसे में अप्रत्यक्ष रूप से ब्रिज के लिए काम की शुरुआत हो गई है। दावा किया जा रहा है दिसंबर 2027 तक काम पूरा कर लिया जाएगा।
पुराने और नए शहर को जोडऩे के लिए वर्तमान में फ्रीगंज का ब्रिज ही प्रमुख है। 100 वर्ष पुराने इस ब्रिज की कई बार रिपेयरिंग हुई और इसे अब तक भी उपयोग लायक बनाए रखा है। इस बीच बढ़ते ट्रैफिक के दबाव के चलते इस ब्रिज के समानांतर एक अन्य ब्रिज बनाकर फोरलेन को बनाने की कवायद शुरू की गई। सरकार ने समानांतर ब्रिज के लिए टेंडर आमंत्रित किए। ठेका हुआ और निर्माण के लिए भूमि पूजन भी हुआ लेकिन इसके बाद ठेकेदार किन्हीं कारणों के चलते काम छोडक़र चला गया। ऐसे में जिम्मेदारों को पुन: टेंडर आमंत्रित करना पड़े।
शासन ने टेंडर कास्ट 71 करोड़ रुपए रखी थी। लोनिवि की सेतु शाखा के अधिकारियों को कहना है कि 2 मई को टेंडर कमेटी ने टेंडर का अनुमोदन कर दिया है। अहमदाबाद की चेतन कंस्ट्रक्शन कंपनी ने ये ठेका 58 करोड़ रुपए में लिया है। कंपनी की टीम ने टीन शेड से कार्यालय बना लिया है। बोरिंग करवाने के अलावा मीटर कनेक्शन भी ले लिया है। इस तरह से अप्रत्यक्ष रूप से ठेकेदार ने मौकेे पर काम की शुरुआत कर दी है। शासन से ठेकेदार को जल्द ही टेंडर स्वीकृति पत्र जारी होकर वर्कऑर्डर हो जाएंगे। इधर, इस बीच सेतु शाखा के अधिकारियों ने ब्रिज बनाने की जद में आ रही रेलवे की जमीन को लेकर भी समन्वय बना लिया है। यानी उम्मीद की जा रही है कि अब इस फोरलेन ब्रिज के निर्माण में कोई समस्या नहीं आएगी।
21.40 मीटर फोरलेन नुमा चौड़ा रहेगा ब्रिज
चामुंडा माता मंदिर के सामने स्थित नगर निगम के बगीचे से शुरू होगा, जो कि मक्सी रोड पर रोटरी के पास खत्म होगा। ये ब्रिज 21.40 मीटर फोरलेन नुमा चौड़ा रहेगा। ब्रिज के दोनों छोर पर चौराहे बनाने की जरूरत पड़ेगी तो उपलब्ध जमीन के हिसाब से डिजाइन तैयार करवाकर उन्हें बनाया जाएगा।
ब्रिज से यह होगा फायदा
ब्रिज पर आवागमन आसान होगा।
अक्सर जुलूस, चल समारोह और यात्राएं निकलने के दौरान लगने वाले चक्काजाम से निजात मिलेगी।
ब्रिज फोरलेन रहेगा। यानी इसे ट्रैफिक सुविधा की दृष्टि से दो भागों में बांटते हुए टू-टू लेन आने-आने के लिए उपयोग किया जा सकता है।
विभिन्न तीज-त्योहार व अवसर विशेष दिन पर भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।
अहमदाबाद की कंपनी मौके पर आ चुकी
ब्रिज का निर्माण अहमदाबाद की चेतन कंस्ट्रक्शन कंपनी करने जा रही है। कंपनी ने 58 करोड़ में ठेका लिया है। ठेकेदार की टीम आ गई है। दिसंबर 2027 में काम पूरा करने का लक्ष्य है। – पीएस पंत, सेतु निर्माण, कार्यपालन यंत्री