संस्कारी चोर… पहले मां को प्रणाम फिर चोरी की वारदात को अंजाम

माता मंदिर से 6 से 7 किलो के चांदी के आभूषण ले उड़े, घट्टिया पुलिस जांच में जुटी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नजरपुर स्थित प्राचीन आशापुरी मां भवानी मंदिर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब ३ बजे चोरी हो गई। बदमाश यहां से मां को मुकुट, छत्र सहित ६ से ७ किलो के चांदी के आभूषण ले उड़े जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें एक चोर खिड़की से अंदर आता है, जबकि उसके दो साथी बाहर खड़े हैं। मंदिर में घुसा चोर पहले मां को प्रणाम करता है। फिर बाल्टी के ऊपर चढ़कर चांदी के छत्र उतारता है और साथियों को देता है। इसके बाद अन्य रजत आभूषण लेकर चला जाता है। खास बात यह है कि मंदिर में घुसे चोर ने जूते पहन रखे थे। चोर चांदी का छत्र, मुकुट, नथनी, हार सहित करीब 6 से 7 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। मामले में घट्टिया थाना पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
तीन टीमें जुटी हैं…
मंदिर जंगल में है और उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हंै। इसके अलावा चोरों का चेहरा भी ढंका हुआ है। उनकी तलाश के लिए तीन टीमें लगी हुई हैं।
करण खोवाल
टीआई, थाना घट्टिया
डॉग स्क्वॉड भी पहुंची
चोरी की सूचना मिलते ही घट्टिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल पर बुलाया जिसने मंदिर सहित आसपास के क्षेत्र में छानबीन की। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक करने पर उसमें चेहरा ढंके हुए तीन चोर नजर आ रहे हैं।









