सरकारी योजनाओं के कर्ज मसले पेंडिंग नहीं रहेंगे, दिसंबर तक निराकरण जरूरी

जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में कलेक्टर ने चेताया
उज्जैन। सरकारी योजनाओं के मसले अब पेडिंग नहीं रहेंगे। दिसंबर तक इनका निराकरण करना जरूरी होगा। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। यह बात कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने कही। वे गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में विशेष जिलास्तरीय सलाहाकार समिति की बैठक ले रहे थे। इसमें बैंक में कर्ज प्रकरणों की पेंडेंसी पर नाराजगी जताई।
कलेक्टर ने अफसरों से कहा कि शासन के टारगेट टाइमलाइन में पूरे होने चाहिए। बैंक अफसरों से कहा कि योजना प्रकरणों को अनावश्यक तौर पर निरस्त नहीं करें। अगर कोई कमी है तो संबंधित विभाग के अफसरों से कॉर्डिनेशन कर कमी की पूर्ति करवाएं और इन केसेस को प्राथमिकता से पूरा करें।
कलेक्टर ने उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्वसहायता समूह, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, मत्स्य पालन, संत रविदास, भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण एवं बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के कर्ज वितरण की बैंकवार समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, बैंक अफसर और संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।









