स्टूडेंट बनकर कर रहे थे गांजा तस्करी

बैग में किताबों की तरह छिपाकर रखे थे गांजे के पैकेट
जबलपुर। क्राइम ब्रांच और बरगी थाना पुलिस ने स्टूडेंट बनकर गांजा तस्करी कर रहे एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 11 किलो 184 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 5.59 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, एएसपी जितेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि बरगी बायपास स्थित नेचर ढाबा के सामने साईं टी स्टॉल के पास एक युवक और युवती संदिग्ध बैग लेकर खड़े हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और बरगी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद नीले रंग के बैगों से गांजे के छह पैकेट बरामद हुए। एक बैग पर ‘आकाश बायजूस’ लिखा था, जिससे दोनों छात्र प्रतीत हो रहे थे। आरोपियों ने गांजे के पैकेट बैग में किताबों की तरह व्यवस्थित तरीके से रखे थे, ताकि किसी को शक न हो।
पूछताछ में युवती ने अपना नाम संध्या सरोते (19) निवासी विक्रमपुर रैयत, शाहपुर तथा वर्तमान पता गोरखपुर बताया। वहीं युवक ने अपना नाम हिमांशु बावरिया (22) निवासी गोरखपुर एवं वर्तमान पता शक्तिनगर, गढ़ा बताया।
पुलिस ने दोनों बैग, 11 किलो 184 ग्राम गांजा, दो कंबल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।









