कल दो गुटों के साथ कांग्रेस निकालेगी किसान न्याय यात्रा, जनसभा में उठाएंगे किसानों के मुद्दे

चिमनगंज कृषि उपज मंडी की जनसभा में सचिन पायलट, जीतू पटवारी, दिग्विजयसिंह के शामिल होने की उम्मीद

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर एवं जिला कांग्रेस में अध्यक्ष पद पर ताजपोशी का एक महीना गुजरने के बाद भी पार्टी की आंतरिक गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। किसान न्याय और वोट अधिकार यात्रा के साथ शुक्रवार को बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी को लेकर पार्टी में दो गुट बन गए हैं। दोनों गुट आंदोलन को तो प्रभावशाली बनाने में जी-जान से जुटे हैं लेकिन अलग-अलग मंच के साथ। इसे लेकर शहर में चर्चा का दौर शुरू हो गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11.30 बजे चिमनगंज मंडी में किसानों की परेशानी और वोटर अधिकार यात्रा को लेकर जनसभा आयोजित की जाएगी। किसानों की समस्याओं के साथ इसमें युवाओं को रोजगार , महिला सुरक्षा, गरीब-पिछड़ों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन का आगाज किया जाएगा। खराब सोयाबीन फसल का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग भी की जाएगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करेंगे संबोधित
जनसभा को राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अरुण यादव, संजय दत्त, सज्जनसिंह वर्मा, कुणाल चौधरी, प्रियव्रतसिंह खींची, दिनेश जैन बोस, जयवर्धनङ्क्षसह, ओंकारसिंह मरकाम, कमलेश्वर पटेल संबोधित करेंगे।
न्याय यात्रा भी निकालेंगे
जनसभा के बाद, किसानों के साथ न्याय करो के नारे के साथ चिमनगंज मंडी से यात्रा शुरू होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए टॉवरचौक पहुंचेगी। बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा समाप्त होगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि किसान खाद और यूरिया के लिए परेशान हैं। जिला, प्रदेश और देश में उन्हें लाठीचार्ज का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद जिम्मेदार कलेक्टरों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। किसान बिजली कटौती, सोयाबीन का उचित भाव न मिलने और फसल बीमा न मिलने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन मुद्दों को किसान न्याय यात्रा के जरिये उठाया जाएगा।
इधर कांग्रेस में कलह जारी
नाराज गुट बनाएगा जनसभा में अलग मंच: इधर कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष पद पर हुई नियुक्ति से नाराज नेताओं ने अलग मंच बनाकर किसान सम्मेलन करने का ऐलान किया है। इनका कहना है कि वे कांग्रेस के बड़े नेताओं का स्वागत तो करेंगे, लेकिन गलत तरीके से की गई संगठन सृजन नियुक्ति पर विरोध भी जताएंगे।
कांग्रेस नेता हेमंतसिंह चौहान, विक्की यादव और दीपक मेहरा ने बताया कि मध्य प्रदेश में गलत संगठन सृजन हुआ है, जिसका जिक्र खुद राहुल गांधी ने भी दिल्ली में किया था। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के सामने इस मुद्दे को उठाया जाएगा। बैठक में डॉ. बटुकशंकर जोशी, चेतन यादव, माया त्रिवेदी, मुरली मोरवाल और महेश सोनी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई, तो वे दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी से मिलेंगे।
पूरे जिले, प्रदेश और देश में किसान परेशान हैं। उनकी समस्याओं को हम पुरजोर तरीके से उठाएंगे। जनसभा में वोटर अधिकार पर भी बात होगी। दूसरा पक्ष भी हमारे ही साथ है। वह भी किसान हित और वोट चोरी का मुद्दा उठा रहा है।
महेश परमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष
हमारा विरोध संगठन और मुद्दे से नहीं है। हम भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे, लेकिन अलग मंच से।
विवेक यादव, युवा कांग्रेस नेता









