ट्रेन : टिकट की बुकिंग होगी आसान

नईदिल्ली, एजेंसी। रेल यात्रियों की सहूलियत के लिए आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च हो गया है। रेल मंत्रालय ने बताया कि इससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया आसान होगी। बुकिंग से पहले कैप्चा डालने का भी झंझट नहीं रहेगा। वेबसाइट के बीटा वर्जन में चार बड़े सुधार किए हैं। इसमें टिकट बुकिंग के लिए कैप्चा की जरूरत नहीं होगी। ट्रेन के सभी श्रेणी में सीट की उपलब्धता एकसाथ दिखाई देगी। रेलवे टिकट बुकिंग से जुड़ी जरूरी चरणों को भी कम किया गया है जिससे यात्री जल्द से जल्द टिकट बुक कर सकें।
यात्रियों के लिए दोबारा टिकट बुक कराना आसान होगा
दोबारा टिकट बुक करना और आसान होगा क्योंकि पहले से बुक की गई टिकट से जुड़ी यात्रियों की जानकारी सुरक्षित रहेगी। बुकिंग करते वक्त अगर कोई बदलाव नहीं है तो सिर्फ चयन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जानकारी के अनुसार, फिलहाल आईआरसीटीसी की पुरानी वेबसाइट ही खुलेगी। इसी पर नीले रंग में न्यू लिखा है जिसपर क्लिक करते ही यूजर नई बीटा वर्जन वेबसाइट पर चला जाएगा। रेल मंत्रालय के अनुसार फिलहाल वेबसाइट ट्रायल मोड में रहेगी।









