Twisha Sharma Case : पूर्व जिला जज और बेटे को 5 दिन की CBI रिमांड

भोपाल की जिला अदालत ने अभिनेत्री और मॉडल त्विषा शर्मा मौत मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को पांच दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेडिकल जांच के बाद अदालत में पेश किया गया।
सेशन जज शोभना भालवी की अदालत में पेशी के दौरान गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह एक साथ आरोपी कटघरे में खड़े नजर आए। सुनवाई के दौरान दोनों के बीच धीमी आवाज में बातचीत भी देखी गई।सीबीआई ने गुरुवार को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित गिरिबाला सिंह के घर पर सात घंटे से अधिक पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए उन्हें एमएएनआईटी कैंपस में बनाए गए विशेष मेडिकल कैंप ले जाया गया। वहीं समर्थ सिंह को पिछली पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया।
गौरतलब है कि त्विषा शर्मा 12 मई को कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थीं। घटना के बाद परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले ने तूल पकड़ने के बाद इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।इससे पहले 23 मई को समर्थ सिंह को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास की अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे 29 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। अब सीबीआई ने आगे की पूछताछ के लिए नई रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
रिमांड के दौरान सीबीआई की टीम समर्थ सिंह को कथित घटनास्थल पर भी लेकर गई। दिल्ली से आई फॉरेंसिक टीम ने कटारा हिल्स स्थित घर पर कई घंटों तक जांच की। टीम ने फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और तकनीकी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी की। साथ ही 12 मई की रात हुई घटनाओं को लेकर समर्थ सिंह से पूछताछ भी की गई।उधर, गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी उसी दिन हुई, जिस दिन मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी।









