माधव कॉलेज की जनभागीदारी समिति की बैठक में हंगामा…

By AV News 1

अप्रैल से जून तक करीब 70 लाख रुपए की खरीदी पर उठे सवाल

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन माधव कॉलेज की गुरूवार दोपहर बाद सम्पन्न जनभागीदारी समिति की बैठक में अघोषित हंगामा हो गया। समिति के अध्यक्ष बुद्धिसिंह सेंगर ने इस बात पर आपत्ति ली कि अप्रेल से जून माह के बीच करीब 70 लाख रू. की खरीदी कर ली गई। एक करोड़ रूपए में से करीब 10 लाख रू. अन्य मद में चुकाना है। ऐसे में शेष वित्तिय वर्ष कैसे बीतेगा? हालांकि बाद में अध्यक्ष अनुसार 40 लाख का व्यय स्वीकृत कर दिया गया।

सेंगर ने चर्चा में बताया कि कॉलेज को पीएमश्री उत्कृष्ट कॉलेज घोषित करने के बाद करीब एक करोड़ रूपए की राशि मिली थी। उत्कृष्ट कॉलेज के मापदण्ड अनुसार संसाधन जुटाने में खर्च की अनुमति दी गई थी। खर्च कुछ ज्यादा ही हो गया। बैठक में इस बात को लेकर सदस्यों ने भी आपत्ति ली। बाद में 40 लाख रूपए का खर्च स्वीकृत कर दिया गया। शेष मुद्दों पर आगामी बैठक में चर्चा करने को कहा गया। इस संबंध में निवृत्तमान प्राचार्य जवाहरलाल बरमैया से चर्चा करना चाही। उन्होने फोन कॉल रिसिव्ह ही नहीं किया। हालांकि चार दिन पूर्व वे चर्चा में कह चुके थे कि उत्कृष्ट कॉलेज के मापदण्ड अनुसार खर्च तो करना ही होगा। संसाधन जुटाने में करीब 70 लाख रूपए खर्च हो गए हैं।

पार्टी के लिए पूरे स्टॉफ का फंड जमा नहीं हुआ

इधर फेयरवेल पार्टी के लिए पूरे स्टॉफ से एक-एक हजार रूपए लेने का तय किया गया। इसके लिए नोटिस घुमा। सूत्रों का दावा है कि बहुत से प्राध्यापकों की राशि जमा नहीं हुई। इसके चलते स्टॉफ के व्हाट्सएप ग्रुप में पूरा हिसाब डाला गया और बताया कि कुछ प्राध्यापकों पर पूर्व की पार्टियों के रूपए भी बाकी है।

प्राचार्य की फेयरवेल आज

आज दोपहर में प्राचार्य जवाहरलाल बरमैया की फेयरवेल पार्टी कॉलेज स्टॉफ के द्वारा दी जाएगी। दोपहर 1 बजे कॉलेज में समारोह होगा। इसके बाद सभी राम जनार्दन मंदिर जाएंगे और सहभोज लेंगे। ज्ञात रहे 29 जून को श्री बरमैया ने अपनी ओर से एक पार्टी एक निजी होटल में आयोजित की है।

घाटे में चल रहा शिक्षक संघ

शिक्षक संघ की ओर से डॉ.रवि मिश्रा द्वारा 14 जून,24 को सूचना जारी की गई कि शिक्षक संघ की नियमित गतिविधियों के संचालन हेतु अगस्त-सितम्बर,22 में प्रति सदस्य एक-एक हजार रूपए राशि एकत्रित की गई थी। केवल 33 सदस्यों ने सहयोग किया था।

आगामी गतिविधियों के संचालन के लिए आपसे अनुरोध है कि एक-एक हजार रूपए की सहयोग राशि प्रदाय करने का कष्ट करें। इसके साथ 31 अगस्त,22 को सम्पन्न डॉ.श्रीवास्तव के बिदाई समारोह,9 अक्टोबर-22 को सम्पन्न प्रांतिय शिक्षक संघ के भोपाल में आयाजित धरने का व्यय,कर्मवीर शर्मा का 14 अप्रेल,23 को हुए अभिनंदन का व्यय,डॉ.जीवनबाला लुणावत का 31 जुलाई,23 को बिदाई समारोह आदि पर व्यय का हिसाब डाला गया।

इसीप्रकार डॉ.आर आर गोरस्या के बिदाई समारोह पर रामजनार्दन मंदिर में आयोजित भोज एवं प्रशस्ति पत्र आदि पर हुए व्यय को डाला गया। बताया गया कि 33 लोगों को 33 हजार रूपए एकत्रित हुए और इस राशि के अलावा 15 हजार 957 रू. अधिक खर्च हो गए। इस अतिरिक्त राशि का भुगतान फिलहाल डॉ.एस एस गौरस्या एवं डॉ.रवि मिश्रा ने अपनी जेब से किया है।

Share This Article