बदबूदार समोसे के मामले में सरोवर रेस्टोरेंट पर सैंपलिंग

खाद्य सुरक्षा विभाग ने समोसा और कचौरी के मसाले के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फ्रीगंज स्थित सरोवर रेस्टोरेंट पर औचक निरीक्षण किया। टीम ने मौके से समोसा, समोसा मसाला और कचौरी के मसाले के नमूने (सैंपल) जब्त किए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस देवलिया के अनुसार, रेस्टोरेंट से लिए गए इन सभी नमूनों को शुद्धता की जांच के लिए तत्काल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही मिलने पर थमाया धारा 32 का नोटिस
निरीक्षण के दौरान सरोवर रेस्टोरेंट में स्वच्छता और मानकों को लेकर कई गंभीर कमियां पाई गईं। टीम को मौके पर व्यक्तिगत स्वच्छता का अभाव, पेस्ट कंट्रोल न होना, कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण न होना और खाद्य सामग्रियों के रखरखाव में भारी लापरवाही देखने को मिली। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के अंतर्गत रेस्टोरेंट संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी कर जल्द से जल्द व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए हैं।
जब बदबूदार समोसे पर मालिक ने जोड़े हाथ
दो दिन पहले सोशल मीडिया पर सरोवर रेस्टोरेंट का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक जागरूक ग्राहक रेस्टोरेंट से खरीदे गए समोसे के अंदर भरे मसाले से आ रही तेज बदबू की शिकायत रेस्टोरेंट के मालिक से करता हुआ दिखाई दे रहा था। शुरुआत में तो रेस्टोरेंट मालिक ने ग्राहक की इस शिकायत को पूरी तरह अमान्य करने का प्रयास किया और अपनी गलती मानने से मुकर गया।
लेकिन जब ग्राहक अपनी बात पर अड़ा रहा और उसने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से कर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही, तो रेस्टोरेंट मालिक के तेवर ढीले पड़ गए। बदनामी और कार्रवाई के डर से मालिक ने तुरंत ग्राहक के सामने हाथ जोड़कर माफी मांग ली और भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा न आने का वादा किया। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया और कलेक्टर रौशनकुमार सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।









