हरिफाटक ब्रिज के नीचे खड़ी गाडिय़ों को हटाया, ट्रैफिक व्यवस्था मेें बन रही थीं रोड़ा

नीलकंठ द्वार के सामने जाम को खत्म करने के लिए बेगमबाग के खाली प्लॉट में बनाएंगे अस्थाई पार्किंग
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। हरिफाटक ब्रिज के नीचे खड़ी गाडिय़ों को पुलिस ने शुक्रवार सुबह हटाया है। इनके कारण ट्रैफिक प्रभावित हो रहा था। अधिकतर गाडिय़ां होटलवालों ने पार्क करवाई थी। पुलिस ने सुबह यहां पहुंचकर गाडिय़ों के चालान बनाए और पूरे क्षेत्र को साफ किया।
बेगमबाग के खाली प्लॉट में पार्किंग बनेगी
गुरुवार शाम को को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यहां की खाली जमीन पर प्रशासन ने पार्किंग बनाने का निर्णय लिया है। श्री महाकालेश्वर मंदिर जाने का प्रमुख मार्ग नीलकंठ द्वार पर दिन भर जाम की स्थिति रहती है। सड़क सुरक्षा और एनकार्ड (नार्को कोऑर्डिनेशन समिति) की बैठक में कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने बेगम बाग क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन का उपयोग अस्थायी वाहन पार्किंग के रूप में करने के निर्देश दिए थे।
पांच प्रमुख ट्रैफिक और दुर्घटना संभावित पाइंट नीलगंगा द्वार, नृसिंह घाट, सी-21 मॉल टर्निंग (आस्था गार्डन से महामृत्युंजय द्वार), वाकणकर ब्रिज और मन्नत गार्डन पार्किंग टर्न को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में तय किया गया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिफाटक ब्रिज से गुदरी तक ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक को सख्ती से लागू किया जाएगा। एसपी प्रदीप शर्मा, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कुमट और महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









