ठंड में 12 घंटे काम, सुबह मिली ओके रिपोर्ट

पीएचई ने किया इंटर कनेक्शन, कल से फिर शहर में होगा जलप्रदाय
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। फ्रीगंज ओवरब्रिज के लिए पीने के पानी की लाइन शिफ्ट करने का काम सोमवार सुबह से देर रात करीब 1 बजे पूरा हो सका। आज सुबह टेस्टिंग रिपोर्ट भी ओके मिल गई है, जिससे बुधवार से पेयजल की नियमित सप्लाई शुरू हो जाएगी। सोमवार को पीएचई ने शटडाउन लिया, जिससे आज पेयजल सप्लाई नहीं किया जा सका।
सोमवार को कडक़ड़ाती ठंड में चामुंडा माता चौराहे पर लाइन शिफ्ट करने के लिए इंटर कनेक्शन किया गया। इसके लिए करीब दस फीट चौड़ा और 8 फीट गहरा गड्ढा किया गया। सोमवार सुबह 10 बजे से शुरू हुआ काम रात 1 बजे पूरा हो सका।
सहायक यंत्री मनोज टिकलकर और उपयंत्री दिलीप नौधाने के साथ कर्मचारियों ने इंटर कनेक्शन कर लाइन शिफ्ट करने का रास्ता साफ कर दिया। मंगलवार सुबह 10 बजे गऊघाट फिल्टर प्लांट शुरू कर टंकियों को भरना शुरू कर दिया गया है, ताकि बुधवार से शहर में पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके। पीएचई को शटडाउन मुश्किल से मिलता है। इस कारण सोमवार के शटडाउन में गंभीर डेम के मेंटेनेंस कार्य भी किए गए।
अब फ्रीगंज क्षेत्र में होगा शटडाउन
लाइन शिफ्ट करने के लिए पीएचई को एक बार और शटडाउन लेना पड़ेगा। फ्रीगंज क्षेत्र की लाइन का इंटर कनेक्शन करने के लिए यह शटडाउन लिया जाएगा। संभावना है कि सात या आठ दिन बाद ये शटडाउन लिया जा सकता है। इसके बाद फ्रीगंज ओवरब्रिज की लाइन को पूरी तरह शिफ्ट किया जा सकेगा।









