किशनपुरा में रात 3 बजे युवक ने लगाई फांसी

मामा ने कुर्सी की आवाज सुनी तो दौडक़र बचाया, उपचार जारी

उज्जैन। किशनपुरा में नाना नानी के घर रहने वाले युवक ने रात 3 बजे चुनरी से फांसी लगा ली। कुर्सी की आवाज सुनकर उसका मामा दूसरी मंजिल स्थित कमरे में पहुंचा और फांसी पर लटके भांजे को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार जारी है।
देवांश पिता विजेन्द्र सिंह 21 वर्ष निवासी किशनपुरा अपने नाना राजेन्द्र ललावत के घर रहता है। उसके मामा अजय ने बताया कि देवांश दूसरी मंजिल स्थित अपने कमरे में सो रहा था तभी कुर्सी गिरने की आवाज सुनाई दी। तत्काल देवांश के कमरे में पहुंचा तो देखा वह फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उसे फंदे से उतारकर अस्पताल लाए। मामी रीना ने बताया कि देवांश ने खुशी नामक युवती से मार्च माह में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ दिनों तक देवांश व खुशी राजस्थान में माता पिता के पास रहने गए थे लेकिन वहां से दोनों वापस लौट आए। यहां भी दोनों के बीच विवाद होता रहता था। खुशी फिलहाल मायके गई हुई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद वह अस्पताल पहुंची। खुशी ने बताया कि देवांश ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास क्यों किया उसे इसकी जानकारी नहीं है।
परिजन बोले…दिन भर से टेंशन में था
देवांश के मामा अजय ने बताया कि देवांश मोबाइल सुधारने का काम करता है। रविवार सुबह से मोबाइल पर उसकी पत्नी खुशी से बातचीत कर रहा था। इस दौरान वह टेंशन में भी दिखा। उससे कारण भी पूछा लेकिन किसी को कुछ नहीं बताया और रात में फांसी लगा ली।









