ईरान ने परमाणु कार्यक्रम खत्म करने की मांग ठुकराई

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका के साथ जारी तनाव और बातचीत के बीच ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम या हाईली एनरिच्ड यूरेनियम पर कोई समझौता नहीं करेगा। तेहरान ने यह भी कहा कि अगर अमेरिका नाकेबंदी हटाता है तो ईरान होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोल सकता है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी अधिकारियों का कहना है कि वे सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म होने की स्थायी घोषणा चाहते हैं। उनका कहना है कि भविष्य में दोबारा युद्ध शुरू न होने की गारंटी भी मिलनी चाहिए। ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की संप्रभुता पर कोई बातचीत नहीं होगी।

ट्रंप बोले- अब तक 9 जंग रुकवा चुका
ट्रम्प ने दावा किया है कि वे अब तक 9 अंतरराष्ट्रीय संघर्ष खत्म कराने में भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब उनकी कोशिश रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने की है और वे इसे अपनी 10वीं शांति पहल बनाना चाहते हैं। व्हाइट हाउस से वर्जीनिया रवाना होने से पहले ट्रम्प ने कहा कि यह युद्ध द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे खतरनाक संघर्ष बन गया है और हर महीने हजारों सैनिक मारे जा रहे हैं। इस बीच ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर 9 से 11 मई तक रूस और यूक्रेन के बीच 3 दिन के सीजफायर का ऐलान किया है।









