कंटेंट चुराने पर टेलीग्राम चैनलों पर बड़ी कार्रवाई

नईदिल्ली, एजेंसी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कापीराइट कंटेंट चुरा रहे 3142 टेलीग्राम चैनलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंत्रालय की तरफ से मैसेजिंग एप कंपनी टेलीग्राम को नोटिस जारी कर कहा गया है कि वह तुरंत इन चैनलों से कंटेंट हटाए।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की तरफ से बुधवार को जारी नोटिस में टेलीग्राम को तत्काल इन चैनलों से कंटेट को तुरंत हटाने तथा उन्हें भंग करने का आदेश दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि इन चैनलों द्वारा ऐसी सामग्री परोसी जा रही है जिसका कापीराइट या लाइसेंस दूसरे लोगों या ओटीटी प्लेटफार्म के पास है। ऐसे में इन चैनलों द्वारा कापीराइट कानून 1957 का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि सूचना एवं प्रौद्यौगिकी अधिनियम, 2000 के तहत यह कार्रवाई की गई है। सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई जियो सिनेमा, अमेजान प्राइम वीडियो और दूसरे ओटीटी प्लेटफॉर्म से मिली शिकायतों के बाद की गई है, जिसमें टेलीग्राम पर कॉपीराइट वाले कंटेंट की बड़े पैमाने पर पायरेसी का आरोप लगाया गया है।









