खुलासा… 100 से अधिक फुटेज खंगाले तब पकड़ में आए इंदौर के शातिर चोर

नानाखेड़ा पुलिस ने जब्त किए 5 लाख के सोने-चांदी के आभूषण
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित कृष्णा परिसर में जनवरी में सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का नानाखेड़ा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले तब जाकर इंदौर के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर 5 लाख के गहने जब्त किए हैं।
पुलिस ने बताया कि 26 जनवरी को फरियादी विपिन कुमार पिता स्व. बाबूराव ढोणे (47) निवासी कृष्णा परिसर ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि वह 17 जनवरी को घर पर ताला लगाकर परिवार सहित रिश्तेदारी में मुंबई गए थे।
25 जनवरी को जब वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था और अंदर पत्नी के सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी नदारद थी। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और घटनास्थल व उसके आसपास के 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें सायबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान कर इंदौर के एरोड्रम रोड स्थित शुक्ला ढाबा के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम तरुण पिता विष्णु वर्मा (19) निवासी छोटा बांगड़दा तालाब के पास, थाना एरोड्रम और अमन पिता संतोष पाल (20) निवासी टिंगरिया बादशाह विशाल पैलेस कॉलोनी, थाना बाणगंगा, इंदौर बताया। उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख है।
यह सामग्री की जब्त : पुलिस ने आरोपियों से करीब 5 लाख कीमत के आभूषण जब्त किए हैं। इसमें 2 सोने के कंगन, 1 सोने का नेकलेस, 2 सोने के कान के टॉप्स, 1 सोने की ठूसी, 1 सोने की नथ, चांदी की 4 पायल, चांदी की 8 बिछिया शामिल है।
ऐसे करते थे चोरी : पुलिस ने बताया कि आरोपी दिन के समय सूने मकानों की रैकी करते थे। मकान मालिक के अनुपस्थित होने की पुष्टि होने पर रात में घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसते थे तथा कीमती सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो जाते थे।
छत के रास्ते ट्रेवल्स गोडाउन में घुसे चोर पकड़ाए
इधर, दूधतलाई स्थित अशोक ट्रेवल्स के गोदाम में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे छत के रास्ते गोदाम में घुसकर चोर ने गल्ले से 15 हजार रुपए चुरा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची देवासगेट पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसके चोर नजर आया। इसके बाद चामुंडा चौराहा व आसपास के स्थानों पर भीख मांगने, नशा करने एवं मजदूरी करने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्ध की पहचान अशोक पिता भेरूलाल निवासी गुना के रूप में हुई। इसके बाद उसे माल गोदाम क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। उसके कब्जे से 15 हजार 130 रुपए जब्त किए गए। खास बात यह है कि जब्त की गई राशि में 7240 रुपए 20 के नोट में और शेष राशि 1, 2, 10 और 20 रुपए के सिक्के के रूप में थी। आरोपी से अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।










