पश्चिम बंगाल में वोटरों ने दिखाई भाजपा पर ‘ममता’

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के चौंकाने वाले नतीजे आए…

असम में तीसरी बार भाजपा सरकार
तमिलनाडु में विजय के सिर पर लगा जीत का तिलक
केरलम में कांग्रेस तो पुडुचेरी में एनडीए की वापसी
कोलकाता/गुवाहाटी/तिरुवनंतपुरम/पुडुचेरी/चेन्नई एजेंसी। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने निर्णायक बढ़त बना रखी है, जबकि तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर दिख रहा है। यहां एग्जिट पोल में आगे रहने वाली डीएमके तीसरे नंबर पर खिसक गई है।
अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके पहले नंबर पर है। असम में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने की ओर है, जबकि केरलम में कांग्रेस समर्थित गठबंधन यूडीएफ ने खासी बढ़त बना ली है। पुडुचेरी में एनडीए रुझानों में आगे है। तमिलनाडु के सीएम स्टालिन अपनी सीट कोलाथुर से ही पिछड़ गए हैं। पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट से सीएम ममता बनर्जी आगे चल रही है। बंगाल के रुझान बता रहे है कि वहां वोटरों ने भाजपा पर अपनी ‘ममता’ उड़ेल दी है। इसे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीतिक जीत बताया जा रहा है।
चर्चित सीटों पर नजर
भवानीपुर सीट पर ममता आगे, सुवेंदु पीछे
मोदी ने जहां झालमुड़ी खाई, वहां की चारों सीटों पर भाजपा आगे
आरजीकर रेप विक्टिम की मां भाजपा से आगे
नंदीग्राम से सुवेंदु आगे, ममता पीछे
तमिलनाडु सीएम स्टालिन अपनी सीट से पीछे
तमिलनाडु में टीवीके 104 सीट पर आगे
मोदी शाम को भाजपा हेडक्वार्टर जाएंगे…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 राज्यों के नतीजों के बाद जश्न में शामिल होने के लिए शाम करीब 7 बजे भाजपा हेडक्वॉर्टर पहुंचेंगे और
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
सीएम बोले- ममता का आतंक खत्म
पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा पश्चिम बंगाल में 15 साल से चला आ रहा ममता बनर्जी का आतंक खत्म हो गया। वहां भी अब डबल इंजन की सरकार होगी। औद्योगिक क्षेत्र में पिछड़ गया पश्चिम बंगाल अब तेज गति से तरक्की करेगा। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति की है।
बंगाल में मोदीश्री, जय बांग्ला मिठाई की धूम
कोलकाता, एजेंसी। मछली, झालमुड़ी और क्षेत्रीय पहचान को लेकर एक महीने तक खींचतान के बीच पश्चिम बंगाल में मोदीश्री और जय बांग्ला मिठाइयों की मांग तेज हो गई है। राज्य में नेताओं और क्षेत्रीयता के नाम पर बनी मिठाइयां लोगों का ध्यान खींच रही हैं।
मिष्ठान भंडारों में केसरिया रंग की मिठाई मोदीश्री, हरे रंग की जय बांग्ला और गुलाब के स्वाद वाली लाल मिठाई लाल सलाम नजर आ रही है। चुनाव परिणाम आने के बाद उम्मीदवार और समर्थक इन मिठाइयों के ऑर्डर दे रहे हैं। यही नहीं, पार्टी के रंगों के अनुसार, रसगुल्ले और अन्य मिठाइयां बनाई जा रहीं हैं। भाजपा समर्थकों के बीच केसरिया मिठाइयों की मांग है तो टीएमसी समर्थकों और उम्मीदवारों ने हरे रंग की मिठाइयों के लिए ऑर्डर दिए थे। मशहूर केसी दास और नोबिन चंद्र दास मिष्ठान भंडार में केसरिया रंग की केसर के स्वाद वाली संदेश मिठाई का नाम मोदीश्री रखा गया है। यह नाम प्रधानमंत्री से प्रेरित है, जिन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान संदेश का स्वाद चखा था। कंपनी के निदेशक धीमन दास ने बताया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच जय बांग्ला नाम की हरे रंग की मिठाई की भी काफी मांग है। इसमें गंधराज (नींबू की एक किस्म) का स्वाद है। ज्ञात हो कि जय बांग्ला सत्ताधारी पार्टी का मुख्य नारा है।
केरलम में बिरयानी और लड्डू के साथ जश्न
तिरुवनंतपुरम। केरल में भी राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने जश्न की तैयारी हैं। कहीं टेंट लगाकर बिरयानी बनाई जा रही है तो कहीं दो दिन से हलवाई लड्डू बना रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हो रहा है। कांग्रेस ने केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय इंदिरा भवन में बड़ा पंडाल लगाया। पार्टी नेता मनक्काड सुरेश ने बताया कि 10000 लोगों के लिए बिरयानी और 50000 लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। राज्य में भाजपा का फिलहाल कोई विधायक नहीं है, लेकिन पार्टी को इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
उपचुनाव : बारामती से अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा आगे
नईदिल्ली, एजेंसी। देश के 5 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की काउंटिंग भी जारी है। भाजपा 4 और कांग्रेस 2 सीटों पर आगे चल रही है। कर्नाटक की दोनों सीटें- बागलकोट और दावणगेरे साउथ से कांग्रेस उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा के उम्मीदवार महाराष्ट्र की राहुरी, त्रिपुरा की धर्मनगर, गुजरात की उमरेठ और नगालैंड की कोरिडांग सीटों पर आगे हैं। महाराष्ट्र के बारामती से एनसीपी उम्मीदवार सुनेत्रा पवार आगे हैं। सुनेत्रा पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी हैं, जिनका 28 जनवरी 2026 को विमान हादसे में निधन हो गया था।









