भारत को खत्म करने का सपना देखने वाले कुछ नहीं कर पाएंगे

सत्संग : जय बाबा गुरुदेव आश्रम में वार्षिक भंडारे का समापन, नए नामदानियों को दीक्षा दी, उमाकांत महाराज बोले
नामदान ध्वनि से गंूजा आश्रम
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उमाकांत महाराज ने कहा कि कुछ देश कुछ देशों को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह लोग भारत का कुछ नहीं कर पाएंगे। महाराज ने नए लोगों को नामदान दीक्षा दी और पुराने नामदानियों को बीमारियों से राहत और साधना में तरक्की करने के उपाय बताएं।
उंडासा स्थित जय बाबा गुरुदेव आश्रम में चल रहे तीन दिनी सत्संग एवं नामदान कार्यक्रम का शनिवार को अंतिम दिन था। देश-दुनिया से आए साधक सुबह से ही यहां सत्संग और नामदान की तैयारी कर रहे थे। भंडारा कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में चार-चार घंटे की जय गुरु देव नाम की अखंड नामध्वनि लगाई गई। महाराज जी ने कहा कि आप इस नामध्वनि अभियान को आगे बढ़ाइए। अखंड नामध्वनि चाहे 4 घंटे की करो, चाहे 8 घंटे की करो, चाहे 24 घंटे की करो, चाहे 48 घंटे की करो, चाहे 72 घंटे की करो, चाहे 5 दिन की करो और चाहे 9 दिन की करो। इससे आपको बीमारियों में राहत भी मिलेगी और साधना में भी मदद मिलेगी।
आने वाला समय खराब, लोग जान बचाकर भागेंगे
उमाकांत महाराज ने आने वाले खराब समय को खराब बताते हुए कहा कि ऐसा समय आ रहा है कि लोग अपनी-अपनी जान बचा कर भागेंगे। बेटा मां के जिगर का टुकड़ा होता है लेकिन वह भी उसको भी छोड़कर भागेगी। भगदड़ मचेगी, हाहाकार मचेगा। क्यों? क्योंकि लोगों की बुद्धि खराब हो रही है, खानपान खराब हो रहा है, चरित्र गिर रहा है।
साधक बना लें तो भारत का कोई बाल-बांका नहीं कर पाएगा
उमाकांत महाराज ने कहा कि मांस, मछली, अंडा और शराब सेवन बढऩे से मां, बहन, बेटी की पहचान खत्म होती जा रही है। लोगों की बुद्धि उन्हें विनाश की तरफ ले जा रही है। पश्चिम में लड़ाई चालू है, अब यह रुकने वाली नहीं है। हालात ऐसे हैं जैसे गाड़ी का गियर फंस जाए, जो न आगे बढ़े और न पीछे हटे। 3-4 देश कुछ देशों को खत्म करना चाहते हैं। अगर वे इसमें कामयाब हो गए तो वही हीरो बन जाएंगे और छोटे-छोटे देश उनके पीछे चलने लगेंगे।
भारत का कुछ नहीं होगा क्योंकि यहां धार्मिक शक्तियां और भजनानंदी यानी साधक मौजूद हैं। अगर आप लोगों को साधक बना ले गए, तो भारत का कोई बाल भी बांका नहीं कर पाएगा। अभी तो वे देश कुछ नहीं करेंगे लेकिन जब ताकतवर बन जाएंगे तब भारत को डाउन करने की सोचेंगे। तब भारत के लोगों की चिंता बढ़ जाएगी। कुछ छोटे देश भारत का साथ देंगे और भारत उन्हीं से बड़े देशों के टुकड़े करवा देगा। फिर उनका अस्तित्व खत्म हो जाएगा। पूरे विश्व पर भारत राज करेगा और जग में जय गुरु देव का झंडा लहराएगा, क्योंकि उस समय जय गुरु देव साधकों की जरूरत पड़ेगी।









