मां बोली- तुम क्या मारोगे, मैं लटक जाऊंगी

8 साल के बेटे ने पुलिस को बताई मम्मी-पापा की मौत से पहले की कहानी
अक्षरविश्व न्यूज जबलपुर। मुझे चाकू से मत मारो तुम कहोगे तो मैं खुद फांसी लगा लूंगी ‘तू नहीं मरेगीÓ दम है तो लगा ले फांसी, मैं फंदा लगा देता हूं। पति-पत्नी के बीच ये बातचीत उस 8 साल के मासूम बच्चे के सामने की है, जिसने अपनी मां नेहा सिंह की मौत से पहले घर में जो कुछ देखा, वह अब पुलिस को बता रहा है।
जबलपुर के आधारताल में सामने आए इस दर्दनाक घटनाक्रम में पहले पत्नी नेहा की मौत हुई, फिर पति मयंक ने भी जीसीएफ खंडहर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अब दोनों की मौत के बाद उनका बेटा गहरे सदमे में है। बच्चे ने पुलिस को बताया कि 3 जून की रात मम्मी-पापा के बीच फिर विवाद हुआ था। मयंक ने गुस्से में चाकू उठा लिया था। इस पर नेहा ने कहा कि वह खुद ही जान दे देगी। बच्चे के मुताबिक मयंक ने कमरे में फंदा लगाया। जब उसकी मां टेबल पर खड़ी होकर फंदा गले में डाल रही थी, तभी पिता ने टेबल को धक्का दे दिया। मां फंदे पर लटक गई। कुछ देर बाद मयंक ने रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता कहता रहा-मम्मी आराम कर रही हैं
मासूम ने पुलिस को बताया कि रातभर उसकी मां का शव घर में ही पड़ा रहा। जब उसने पूछा तो पिता ने कहा कि ‘मम्मी आराम कर रही हैं।Ó इसके बाद वह बेटे को लेकर दूसरे कमरे में जाकर सो गया। अगले दिन मयंक बेटे को स्कूटी से अपनी बहन के घर छोड़ आया। पुलिस जांच में सामने आया है कि नेहा सिंह के पहले पति की मौत हो चुकी थी। वर्ष 2024 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात कटनी निवासी मयंक से हुई थी। दोनों ने परिवार की सहमति से शादी की और आधारताल में किराए के मकान में रहने लगे। नेहा अपने पहले पति से हुए 8 वर्षीय बेटे के साथ मयंक के साथ रह रही थी।









