विनेश फोगाट मामले में दिल्ली हाई कोर्ट सख्त, WFI को लगाई कड़ी फटकार

दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय कुश्ती संघ को जमकर लताड़ा, विनेश फोगाट के मामले में पैनल बनाने का आदेश
दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को भारतीय कुश्ती संघ पर जमकर नाराजगी जताई। कोर्ट ने पूछा कि जब पहले बड़े-बड़े खिलाड़ियों को घरेलू इवेंट्स में खेलने की छूट मिलती थी, तो अब अचानक ये नियम बदलने की जल्दबाजी क्यों? चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने साफ कहा कि संघ का इस तरह पलटी मारना ‘काफी कुछ बयां करता है’।
कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि एक कमिटी गठित की जाए जो विनेश फोगाट का फिटनेस टेस्ट ले। साथ ही ये भी सुनिश्चित किया जाए कि मैटरनिटी लीव के बाद वो एशियन गेम्स के ट्रायल्स में बिना किसी रुकावट के हिस्सा ले सकें।
‘मां बनना कोई गुनाह नहीं’
जस्टिस ने इस मौके पर एक अहम बात कही — ‘हमारे देश में मां बनने का जश्न मनाया जाता है, ये कोई अपराध नहीं।’ कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि कुश्ती संघ को बदले की भावना से काम नहीं करना चाहिए। पूरे मामले में अब केंद्र को जल्द एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं।





