5 मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, मचा हड़कंप

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। न्यू सीमापुरी स्थित ईदगाह मछली मंडी के पास एक 5 मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस-फायर टीम ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर सर्विस और इंसिडेंट रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची। मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम मलबे को हटाकर लोगों की तलाश कर रही है। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
मौत की अभी पुष्टि नहीं
फिलहाल हादसे में किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।
इमारत अचानक क्यों गिरी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच के बाद ही हादसे की वजह सामने आने की संभावना है।









