शहर में सीएम : वर-वधुओं को मंगलकामना और संतों से लिया आशीर्वाद

अक्षय तृतीया पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को ब्राह्मण समाज ने फरसा देकर किया सम्मान

शहर को ग्रीन क्लीन रखने के लिए मशीनों की सौगात
सामूहिक विवाह में बेटियों को भेंट की टू व्हीलर
हामूखेड़ी सम्मेलन में 23जोड़ों को सीएम ने दिया आशीर्वाद
सामूहिक विवाह समाज में समानता का अनुकरणीय माध्यम
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अक्षय तृतीया पर हामूखेड़ी (देवास रोड) में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में 23 नव-दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान देते हुए उनके सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री ने विवाह मंडप में पहुंचकर सभी जोड़ों पर पुष्प वर्षा की। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मुख्यमंत्री द्वारा नव-विवाहित कन्याओं को उपहार स्वरूप दोपहिया वाहन (टू-व्हीलर) भेंट किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह से न केवल फिजूलखर्ची रुकती है, बल्कि यह सादगी और सामाजिक समरसता का बड़ा संदेश देता है।योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 49 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।
संतों और जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय सहित बड़ी संख्या में संत समाज और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। आयोजनकर्ता प्रकाश यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। विवाह संपन्न कराने की मुख्य भूमिका आचार्य पं. सोहन भट्ट ने निभाई। संचालन शैलेंद्र व्यास और आभार परेश कुलकर्णी ने माना।
भगवान परशुराम का पूजन किया जैन संत से लिया आशीर्वाद
अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती पर विभिन्न धाार्मिक कार्यक्रमों में पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती पर पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन सर्किट हाउस पर भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों के साथ भगवान परशुराम की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन किया और आरती उतारी। ब्राह्मण समाज द्वारा मुख्यमंत्री को भगवान परशुराम का चित्र और शौर्य का प्रतीक फरसा भेंट कर उनका सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दीं।
वर्षीतप पारणा महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री
इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव चिमनगंज स्थित कृषि उपज मंडी पहुंचे, जहां उन्होंने जैन संत श्री जिनेन्द्र जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंडी प्रांगण में अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में वर्षीतप पारणा महोत्सव का आयोजन किया गया था। यहाँ जैन समाज के नागरिकों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। गौरतलब है कि संत श्री जिनेन्द्र जी महाराज धर्मदास गण के वर्तमान प्रवर्तक हैं और स्थानक वासी परंपरा के निष्ठावान संत हैं। उनका विचरण क्षेत्र मुख्य रूप से मालवा, राजस्थान और डूंगर रहता है।
विवाह केवल रिश्ता नहीं, जिम्मेदारी का संकल्प
कार्तिक मेला ग्राउंड पर 112 जोड़ों का जीरो वेस्ट विवाह/निकाह किया नगर निगम ने
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अक्षय तृतीया पर कार्तिक मेला मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह कार्यक्रम में पहुंचे। नगर निगम द्वारा आयोजित इस समारोह में 112 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री ने यहां विकास कार्यों का भूमि पूजन किया, जो आगामी सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के अनुभव को सुखद बनाएंगे। नव-दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, वैवाहिक संस्कार दो परिवारों को जोडऩे का प्रसंग है। सामूहिक विवाह समाज में परिवर्तन ला रहे हैं, विवाह जितना सरल और सादगीपूर्ण होगा, समाज उतना ही मजबूत बनेगा। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं अपने बेटे का विवाह चार माह पूर्व सामूहिक सम्मेलन में ही किया था।
प्रदेश में 867 करोड़ की सहायता का रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 13 दिसंबर 2023 से 31 जनवरी 2026 तक प्रदेश में कुल 1,57,769 हितग्राहियों को विवाह सहायता के रूप में लगभग 867 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। उज्जैन में पिछले दो वर्षों में 641 जोड़ों को 3.52 करोड़ की सहायता दी गई है। कार्यक्रम में प्रत्येक जोड़े को 49 हजार रुपये का चेक और गृहस्थी का सामान (ओवन, वाटर फिल्टर, सीलिंग फैन आदि) भेंट किया गया।
जीरो वेस्ट इवेंट बना मिसाल: नगर निगम का सामूहिक विवाह कार्यक्रम पूरी तरह जीरो वेस्ट थीम पर आधारित रहा। कचरा प्रबंधन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया।









