शादी के 12 दिन बाद युवती ने पिता के घर जान दे दी

ससुराल आए पति से मुलाकात के बाद जहर खा लिया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शादी के मात्र 12 दिनों बाद एक नवविवाहिता युवती ने जहर खाकर जान दे दी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतका प्रीति पिता भंवरलाल निवासी आयुर्वेद अस्पताल के पास ने शुक्रवार की रात जहर खा लिया। रात 12.30 बजे परिजनों ने जब उसे उल्टियां करते देखा तो उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान उसने सुबह करीब 4 बजे दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह प्रीति का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौेंप दिया गया। चिमनगंज पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
28 अप्रैल को हुई थी शादी
प्रीति के मामा तूफानसिंह ने बताया कि उसका 28 अप्रैल को कायथा के प्रीतम बोड़ाना से विवाह हुआ था। शादी के चार दिन बाद वो पहली बार मायके आई थी। यहां शुक्रवार को प्रीतम भी उससे मिलने आया था। सभी ने साथ खाना खाया। रात में ही प्रीतम चला गया। उसके बाद देर रात प्रीति ने जहर खाया। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया इसकी किसी को जानकारी नहीं है।









