सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी मिली तो लगेगा तगड़ा जुर्माना

उज्जैन। सार्वजनिक शौचालय में गंदगी मिली तो नगर निगम संचालन कर्ता से तगड़ा जुर्माना वसूलेगी। यह प्रस्ताव मंगलवार को नगर निगम के विशेष सम्मेलन में पारित किया गया। हंगामेदार विशेष सम्मेलन में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के लिए तय किया गया कि सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

तय नियमों के अनुसार, यदि शौचालय में गंदगी मिली, कर्मचारी अनुपस्थित रहा या बिजली-पानी की व्यवस्था सुचारू नहीं पाई गई, तो संबंधित एजेंसी को दंडित किया जाएगा। छोटी खामियों पर 200 से 1000 रुपएअ तक का जुर्माना तय किया गया है, जबकि टाइल्स खराब होने या पूरे कॉम्प्लेक्स की स्थिति दयनीय होने पर 50 हजार रुपए तक की बड़ी पेनल्टी वसूलने का प्रावधान किया गया है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 4591 करोड़ रुपए के भारी-भरकम बजट पर विस्तृत चर्चा अब 30 मार्च को की जाएगी। सदन में प्रस्तुत इस बजट में कुल 246 संशोधन किए गए हैं, लेकिन विपक्ष के कड़े विरोध के चलते इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका।









