सिंगरौली में बैंक डकैती की घटना के बाद अलर्ट पर पुलिस

जिस ब्रांच में सिक्योरिटी गाड्र्स नहीं मिले वहां शीघ्र रखने के निर्देश

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंगरौली में हुई 15 करोड़ की डकैती की वारदात के बाद पुलिस अलर्ट पर है। शनिवार को बडऩगर में बैकों की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए पहुंची। इस दौरान बैंक में अलार्म हैं या नहीं, सभी सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं, सिक्योरिटी गाड्र्स हैं या नहीं आदि की जांच की गई। दरअसल, सिंगरौली में शुक्रवार को दिनदहाड़े ५ हथियार बंद बदमाशों ने बैंक डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
फायरिंग कर बदमाश करीब 9-10 किलो सोना और 20 लाख कैश लेकर फरार हो गए थे। सोने की कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी गई है। लूटा गया सोना ग्राहकों का था जिसे बैंक ने गिरवी रखकर लोन जारी किया था। इस घटना के चलते ही बडऩगर में पुलिस शनिवार को एक्शन में नजर आई। इस दौरान एसडीओपी एमएस परमार, एसआई चांदनी पाटीदार, एएसआई सुनील देवके, प्रधान आरक्षक रामनारायण, आरक्षक रोहित, आरक्षक हरीश आदि अलग-अलग बैंकों में पहुंचे और सुरक्षा ऑडिट की जांच की।
सिंगरौली में बैंक डकैती के बाद बैंकों में पहुंचे थे। यहां सुरक्षा के साधन पर्याप्त हैं या नहीं, इसकी जांच की गई। सीसीटीवी कैमरे सभी जगह चालू हालत में मिले। कुछ जगह पर सुरक्षा गाड्र्स नहीं मिले, इसके लिए बैंक प्रबंधन को जल्द से जल्द गार्ड रखने के निर्देश दिए हैं।
– अशोक पाटीदार, टीआई, थाना बडऩगर









