होम लोन के नाम पर 45 हजार से अधिक की ठगी, महिला आरोपी को जेल भेजा

कंपनी दस्तावेज और पीडि़त के मूल दस्तावेज जब्त, जांच कर रही नीलगंगा पुलिस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। होम लोन दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला को नीलगंगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विद्यापति नगर में महिला ने अपना ऑफिस भी खोल रखा था जहां से वह भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाती थी। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे दो दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे फिर से कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
नीलगंगा पुलिस ने बताया कि 18 जुलाई 2025 को फरियादिया सोनू सोलंकी निवासी ग्राम नरवर ने नीलगंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि एसएसएफएस एडवाइजरी प्रायवेट लिमिटेड, विद्यापति नगर की संचालिका प्रीति उर्फ वैदिका दुबे एवं उनके अभिकर्ताओं ने होम लोन स्वीकृत करवाने का झांसा देकर अलग-अलग तारीख पर फोन पे के माध्यम से 45,250 रुपए की राशि ले ली। इसके अलावा फरियादिया व उसके पति से 16 ब्लैंक चेक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक दस्तावेज एवं अन्य पहचान पत्रों की प्रतियां भी ले लीं।
फरियादिया सोनू सोलंकी ने लोन स्वीकृत नहीं होने पर जब राशि और दस्तावेज मांगे तो उन्होंने गाली-गलौज कर ऑफिस से बाहर निकाल दिया और झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी। इस पर नीलगंगा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान सबूत जुटाते हुए आरोपी प्रीति उर्फ वैदिका दुबे को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एसएसएफएस एडवाइजरी कंपनी से संबंधित दस्तावेज, फरियादिया से प्राप्त किए मूल कागजात और अन्य लोगों के दस्तावेज जब्त किए गए।
आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है
टीआई तरुण कुरील ने बताया कि आरोपी प्रीति दुबे को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया था जिसमें प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी के संबंध में पूछताछ की गई। बुधवार को रिमांड पूरा होने के बाद उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। आरोपी महिला से काफी दस्तावेज जब्त किए हैं जिसकी जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है।
दस्तावेज देने से पहले जांचें
पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि होम लोन, पर्सनल लोन अथवा किसी भी प्रकार की वित्तीय सेवा के नाम पर किसी भी व्यक्ति या कंपनी को राशि एवं मूल दस्तावेज देने से पहले पूर्ण सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।










