होर्मुज स्ट्रेट में गुजरात का एक और जहाज डूबा , ड्रोन से हमले की आशंका

ईरान से जुड़े तनावपूर्ण हालात के बीच होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में गुजरात का एक और मालवाहक जहाज हादसे का शिकार हो गया। ‘हाजी अली’ नामक यह जहाज ओमान के समुद्री क्षेत्र के पास डूब गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा 13 मई की सुबह उस समय हुआ, जब एमएसवी हाजी अली जहाज बेरबेरा पोर्ट से शारजाह की ओर जा रहा था। जहाज मालिक और गुजरात के द्वारका निवासी सुलतान अहमद अंसार ने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे ओमान के समुद्री तट के पास अचानक जहाज में विस्फोट जैसी स्थिति बन गई।
क्रू मेंबर्स के मुताबिक जहाज से किसी ड्रोन या मिसाइल जैसी वस्तु के टकराने की आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और हालात गंभीर होते देख सभी कर्मचारियों ने लाइफ बोट की मदद से जहाज खाली कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर ओमान कोस्टगार्ड ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद जहाज पूरी तरह समुद्र में डूब गया।फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में जारी तनाव के बीच इस हादसे को गंभीर माना जा रहा है।









