नगर निगम उज्जैन की मतगणना इंजीनियरिंग कॉलेज में होगी…
विकासखंड मुख्यालय में पंच, सरपंच और जनपद सदस्य के चुनाव परिणाम घोषित होंगे
उज्जैन। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के सभी चरण के मतदान के बाद परिणामों की बारी हैं। पंचायत चुनाव के मतों की गणना तो मतदान के दिन हो चुकी है। अब अधिकृत परिणाम आने वाले है। पंचायत के परिणाम दो चरणों में घोषित किए जाएंगे। यह क्रम गुरुवार से प्रारंभ हो रहा है। जिला पंचायत विजयी सदस्यों नाम शुक्रवार को जिला पंचायत विजयी सदस्यों नाम घोषित होंगे।
त्रिस्तरीय (ग्राम, जनपद और जिला) पंचायत के तीनों चरणों के चुनाव परिणाम गुरुवार एवं शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे। गुरुवार को विकासखंड मुख्यालय में पंच, सरपंच और जनपद सदस्य के चुनाव परिणाम घोषित होंगे। वहीं, जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे।
सरपंच और जनपद सदस्य के लिए मतदान केंद्र और विकासखंड मुख्यालय स्तर पर मतगणना प्रत्येक चरण का मतदान समाप्त होने के बाद हो चुकी है। विकासखंड मुख्यालय पर रिटर्निंग आफिसर के समक्ष तीनों पदों के लिए सारणी तैयार की जाएगी। इसके बाद परिणाम घोषित होंगे। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जिला पंचायत सदस्य के चुनाव परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।
15 दिन के भीतर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का होगा चुनाव…
जिला और जनपद सदस्यों में से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके लिए कलेक्टर निर्वाचित सदस्यों का परिणाम की घोषणा होने के 15 दिन के भीतर सम्मेलन बुलाएंगे। इसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। यह गैर दलीय आधार पर होगा। इसी प्रकार नगर निगम में केवल अध्यक्ष और नगर पालिका,नगर परिषद् में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। इसमें पार्षद वोटिंग करेंगे।
नगरीय निकाय चुनाव के
परिणाम 17 और 20 जुलाई को
प्रदेश के 16 नगर निगम, 76 नगर पालिका और 255 नगर परिषद के चुनाव दो चरणों में कराए गए हैं। इनके परिणाम भी दो चरण में ही घोषित होंगे। पहले चरण के चुनाव में उज्जैन नगर निगम सहित 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद के चुनाव की मतगणना और परिणामों की घोषणा 17 जुलाई को होगी। उज्जैन नगर निगम के महापौर और 54 पार्षदों के लिए वार्डवार मतगणना शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज उज्जैन में होगी।
वहीं, दूसरे चरण में शामिल पांच नगर निगम, 40 नगर पालिका और 169 नगर परिषद के चुनाव की मतगणना और परिणाम की घोषणा 20 जुलाई को होगी।