उज्जैन देर रात तक सीएम ने की गरबों में शिरकत पूर्व विधायक अखंड के घर जाकर शोक जताया

सीएम का उज्जैन दौरा : गजनीखेड़ी में बनेगा मां चामुंडा धाम, 22.34करोड़ के कामों का लोकार्पण-भूमिपूजन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दो दिवसीय उज्जैन दौरे पर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उज्जैन दौरे का पहला दिन (रविवार) काफी व्यस्तता भरा रहा। बडऩगर के गजनीखेड़ी से मां चामुंडा धाम के निर्माण कामों का भूमिपूजन कर उज्जैन सिटी पहुुंचे सीएम ने पूर्व विधायक रामेश्वर अखंड के निधन पर उनके घर जाकर शोक जताया। देर शाम से उनके गरबा पंडालों में पहुुंचने का दौर शुरू हुआ। आधी रात तक वे पंडालों में शिरकत करते रहे।
बडऩगर से रविवार दोपहर उज्जैन पहुंचे सीएम ने जियापुरा में विद्याभारती के नए भवन की आधारशिला रखी। फिर वे उज्जैन सिटी पहुंचे। आते ही वे सबसे पहले पूर्व विधायक रामेश्वर अखंड के कंचनपुरा स्थित आवास पर पहुंचे और शोक जताया। अखंड का रविवार को ही कैंसर की वजह से निधन हुआ था। वीआईपी रेस्ट हाउस में विश्राम करने के बाद एक बार फिर वे शहर में निकले। शुरुआत नगरकोट माता मंदिर से की। यहां मां का पूजन किया और चुनरी चढ़ाई। यहां से वे सामाजिक न्याय परिसर में चल रहे डांडिया नी रात गरबे में शामिल हुए। यह गरबा सांसद अनिल फिरोजिया की टीम करा रही है।
करीब 20 मिनट तक यहां रुकने के बाद सीएम डालडा फैक्टरी मैदान के गरबे में पहुंचे। यह आयोजन भाजपा के नगर महामंत्री आनंदसिंह खींची करवाते हैं। यहां से उनका काफिला इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस पहुंचा। यहां भाजपा कोषाध्यक्ष प्रकाश यादव और सनातन मंच के चंद्रपालसिंह दीखित ने पहला गरबा रखा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष परेश कुलकर्णी और उनकी टीम भी आयोजन देख रही है। करीब 15 मिनट यहां रुकने के बाद वे सनातन क्लब के गरबे में पहुंचे।
पार्षद निर्मला परमार के पति करण तीसरी बार गरबा करवा रहे हैं। करीब 10 मिनट रुकने बाद वे नानाखेड़ा स्टेडियम परिसर के पास पहुंचे। यहां भाजपा नेता सतीश सिंदल की टीम के गरबे में शामिल हुए। आधा घंटा यहां बिताने के बाद उन्होंने ऋषिनगर का रूख किया और यहां के गरबे मेंं शामिल हुए। यहां से वे सिंधी कॉलोनी पहुंचे और गरबा खेल रहे लोगों का उत्साहवर्धन किया। सबसे अंत में वे दशहरा मैदान में रिदम ग्रुप के गरबे में शामिल हुए। यह गरबा कपिल यार्दे और नरेश शर्मा करवाते हैं। रात करीब १२ बजे तक गरबा पंडालों में शामिल होने ेबाद वे वीआईपी रेस्ट हाउस पहुंचे।
सनातन मंच और क्लब दोनों को साधा
सीएम ने सनातन मंच और सनातन क्लब के गरबे में पहुंचकर प्रकाश यादव और करण परमार दोनों को साधा। दोनों भाजपा से जुड़े हैं और उनके ही कोटे के हैं। पर दोनों के बीच तल्खी है। करण का आरोप है यादव ने अपने गुर्गो से उन पर हमला करवाया था। नवरात्र से पहले हुए इस कांड के बाद दोनों ही गरबों पर संकट दिखाई दे रहा था। इसके चलते आवेदन करने के बावजूद दोनों को इंजीनियरिंग कॉलेज की पुरानी जगह आवंटित नहीं हुई भी और और कागजी अनुमति भी नहीं मिली थी। हालांकि यादव ने इंजीनियरिंग कॉलेज में ही पुरानी जगह के दूसरी ओर और करण ने तारामंडल के सामने गरबा आयोजित किया था। सीएम ने यहां पहुंचकर यह संदेश दिया कि दोनों ही उनको प्रिय हैं।
विद्या भारती के भवन का भूमिपूजन
बडऩगर से उज्जैन आए सीएम ने बडऩगर रोड स्थित जियापुरा में मालव बाल कल्याण समिति महाकालपुरम (विद्या भारती) के भवन का भूमिपूजन किया। इस मौके पर सांसद अनिल फिरोजिया भी उपस्थित थे।
गजनीखेड़ी में चामुंडा लोक का भूमिपूजन
इससे पहले बडऩगर के गजनीखेड़ी में उन्होंने चामुंडा लोक के कामों के लिए भूमिपूजन किया। यहां 22. 34 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करते हुए उन्होंने बडऩगर में फूड प्रोसेसिंग पार्क, गीता भवन बनाने, कवि प्रदीप सम्मान समारोह कराने का ऐलान किया। उन्होंने भाटपचलाना और इंगोरिया मेंं सांदीपनि स्कूल खोलने का ऐलान किया।









