उज्जैन में धूल भरी आंधी-तूफान के बाद बारिश

उज्जैन में बदला मौसम का मिजाज, आंधी और बारिश से मिली राहत

उज्जैन में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट बदल ली। दिनभर की तेज गर्मी और उमस के बीच आसमान पर घने बादलों ने डेरा जमा लिया। इसके बाद तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ, जिसकी रफ्तार करीब 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रही। आंधी के चलते कई स्थानों पर धूल उड़ती नजर आई। कुछ समय बाद बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया।
प्री-मानसून गतिविधियों के असर से शहरवासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। दोपहर तक तेज धूप के कारण मौसम काफी गर्म बना हुआ था। तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नमी अधिक होने से लोगों को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास महसूस हो रहा था।तेज हवाएं चलने के करीब दस मिनट बाद बारिश शुरू हुई, जो कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के रूप में जारी रही।
बारिश और ठंडी हवाओं के प्रभाव से तापमान में कमी दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया।मौसम विभाग के मुताबिक शाम तक तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। साथ ही उज्जैन और आसपास के इलाकों में अगले कुछ घंटों तक बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने तथा हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।









