उज्जैन में बनेगा उन्नत कैंसर अस्पताल, संभागायुक्त और कलेक्टर ने विशेषज्ञों के संग टटोली संभावनाएं

सीएम डॉ. मोहन यादव की मंशा को जमीन पर उतारने में जुटे अफसर

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ के जरिए शहर में हो रहे विकास कामों की कड़ी में उज्जैन को उन्नत कैंसर अस्पताल देने की तैयारी की जा रही है। सीएम डॉ. मोहन यादव की मंशा को जमीन पर उतारने में अफसर लगे हैं। इसी कड़ी में संभागायुक्त आशीषसिंह और रौशनकुमार सिंह ने प्रोजेक्ट के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया।
दरअसल जीवनशैली में बदलाव के कारण उज्जैन में भी कैंसर मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस रोग का कोई ठोस इलाज नहीं होने से मरीज भटकते रहते हैं। खासकर कमजोर आय वर्ग वालों को तो उपचार में काफी दिक्कत होती है। बड़े शहरों तक नहीं जा पाने के कारण उनका इलाज सही तरीके से नहीं हो पाता और वह असमय ही मृत्यु के शिकार हो जाते हैं।
इन सब स्थितियों को देखते हुए ही सीएम डॉ. यादव उज्जैन में कैंसर रोग के उपचार के लिए अलग से अस्पताल बनाना चाहते हैं। जाने-माने कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेंढारकर, डॉ. सीएम त्रिपाठी, महाकाल मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट की मौजूदगी में प्रोजेक्ट के संबंध में विचार किया गया।
विशेषज्ञ ने बताई अस्पताल की जरूरत
विशेषज्ञ ने कैंसर अस्पताल प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी दी।इसमें आधुनिक तकनीक, उपचार पद्धति, स्टॉफ, जरूरी संसाधन शामिल थे। मीटिंग के बाद अफसर और विशेषज्ञों ने निर्माणाधीन मेडिसिटी प्रोजेक्ट भी देखा। इस प्रोजेक्ट में कैंसर अस्पताल के इंफ्रा के संबंध में संभावनाएं टटोली गईं। इनका परीक्षण कर आगे की कार्ययोजना बनाई जाएगी।









