नीलकंठ पार्किंग से चौबीस खंबा तक पैदल चलकर देखें काम
श्री महाकालेश्वर मंदिर के निर्माण कार्यों का जायजा

कलेक्टर, निगमायुक्त, प्रशासक व स्मार्ट सिटी सीईओ ने की मीटिंग
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शाही मस्जिद मसले से फ्री होने के बाद अब प्रशासनिक अफसरों ने एक बार फिर अपना फोकस सिंहस्थ के दूसरे कामों पर कर लिया है। रविवार की शाम मीटिंग और मुआयने का दौर चला। इसके केंद्र में था श्री महाकालेश्वर मंदिर। अफसरों ने मीटिंग की और फिर निर्माण कार्य देखें।
दरअसल कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, मंदिर समिति प्रशासक प्रथम कौशिक, स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन ने महाकाल लोक के त्रिनेत्र कंट्रोलरूम में मीटिंग की। इसमें श्री महाकालेश्वर क्षेत्र में चल रहे सिंहस्थ संबंधी निर्माण कार्यां पर चर्चा की गई।
इस क्षेत्र में तीन एजेंसी काम कर रही हैं। पहली स्मार्ट सिटी, दूसरी यूडीए और तीसरी नगरनिगम। तीनों के कामों की समीक्षा की गई और प्रगति की जानकारी ली गई।
इन प्रोजेक्ट पर बात
भक्त निवास प्रोजेक्ट, त्रिवेणी सरफेस पार्किंग प्रोजेक्ट, लड्डू निर्माण इकाई, विजिटर फैसिलिटी सेंटर-3 , महाकाल लोक में प्रस्तावित शेड व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं पर भी विचार किया गया। इन सुविधाओं को श्रद्धालु-केंद्रित रखने पर जोर दिया गया।
सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे करने और क्वालिटी अनुसार करने के निर्देश दिए गए।
मीटिंग के बाद मुआयना
मीटिंग के बाद टीम ने पंचमुखी, मानसरोवर, फैसिलिटी सेंटर, अवंतिका द्वार, चौबीस खंबा रोड, महाकाल रोड, महाकाल घाटी एवं नीलकंठ सरफेस पार्किंग एरिया में चल रहे कामों का जायजा लिया।









