उज्जैन से बैतूल जाना हुआ आसान

By AV NEWS

इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का बैतूल स्टेशन पर 2 मिनट का हाल्ट

उज्जैन। रेल द्वारा उज्जैन से बैतूल जाना और आसान हो गया है। रेलवे ने एक्सटेंशन के एक दिन बाद ही इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का हाल्ट बढ़ा दिया है। यह ट्रेन अब आते-जाते वक्त बैतूल स्टेशन पर भी रुकेगी। उधर रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस की आठ कोच वाली रेक इंदौरा भेजी है। यह कहां के लिए चलने वाली है। यह स्पष्ट नहीं है। माना जा रहा है,इसे 15 अक्टूबर या इसके बाद सूरत या जयपुर के लिए चलाया जा सकता है।

इंदौर पहुंचा वंदे भारत का नया रैक संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत का आठ कोच का नया रैक इंदौर पहुंचा, लेकिन रेल मंत्रालय ने इसके संचालन की जानकारी पश्चिम रेलवे के अधिकारियों को नहीं दी। इसके संचालन को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। मप्र में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के साथ रेलवे का उच्चस्तरीय मामला होने से कोई भी अधिकारी कुछ भी नहीं बता पा रहा कि यह ट्रेन कहां चलेगी। बता दें कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गत सप्ताह लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन रेलवे स्टेशन का दौरा किया था। इस दौरान रेल मंत्री ने कहा था कि जल्द ही इंदौर से जयपुर, सूरत और मुंबई के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएगी। इसके बाद संभावना व्यक्त की जा रही है कि इसे इसे १५ अक्टूबर या इसके बाद सूरत या जयपुर के लिए चलाया जा सकता है।

इंदौर से रवानगी

20911/20912 इंदौर-नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस को बैतूल स्टेशन पर हाल्ट देने का निर्णय हुआ है। इसके अनुसार 20911 इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (सप्ताह में छ: दिन, रविवार छोड़कर) इंदौर स्टेशन से सुबह 6:10 बजे प्रस्थान कर, 6:50 बजे उज्जैन आएगी। इसके बाद वहां से 6:55 बजे उज्जैन से प्रस्थान कर, 9:10 बजे भोपाल पहुंचेगी। 9:15 बजे भोपाल से प्रस्थान कर, 10:35 बजे इटारसी पहुंचेगी। 10:40 बजे इटारसी से प्रस्थान कर, 11:58 बजे बैतूल पहुंचेगी, जो नया हाल्ट होगा। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे बैतूल से प्रस्थान कर, 2:30 बजे नागपुर स्टेशन पहुंचेगी।

नागपुर से वापसी का यह शेड्यूल

20912 नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस (सप्ताह में छ: दिन, रविवार छोड़कर) नागपुर स्टेशन से दोपहर 3:20 बजे प्रस्थान कर, शाम 5:23 बजे बैतूल पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5:25 बजे बैतूल से प्रस्थान कर, 6:50 बजे इटारसी आएगी। 6:55 बजे इटारसी से प्रस्थान कर, रात 8:30 बजे भोपाल पहुंचेगी। रात 8:35 बजे भोपाल से प्रस्थान कर, 10:40 बजे उज्जैन पहुंचेगी। उसके बाद रात 10:45 बजे उज्जैन से प्रस्थान कर, 11:45 बजे इंदौर स्टेशन पहुंचेगी।

Share This Article