क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, कौन हैं इसके संस्थापक अभिजीत दीपके?

इन दिनों सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी का नाम हर तरफ गूंज रहा है। यह ऑनलाइन आंदोलन देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक विवादित टिप्पणी के बाद युवाओं के गुस्से से जन्मा और देखते ही देखते इंटरनेट पर सबसे बड़े ट्रेंड में शुमार हो गया। कुछ दिनों के भीतर लाखों लोग इस मुहिम से जुड़ चुके हैं।
असल में मामला तब शुरू हुआ जब पिछले हफ्ते एक केस की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कुछ युवाओं की तुलना कॉकरोच से कर दी। उनका कहना था कि कुछ नौजवान जिन्हें नौकरी नहीं मिलती वे मीडिया, सोशल मीडिया या आरटीआई कार्यकर्ता बनकर व्यवस्था पर निशाना साधने लगते हैं। इस बयान ने आग लगा दी और चारों तरफ से विरोध की आवाजें उठने लगीं। बवाल बढ़ता देख अगले दिन सीजेआई ने सफाई दी कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा था।
जस्टिस सूर्यकांत ने अगले दिन सफाई देते हुए कहा कि मीडिया के कुछ हिस्सों ने उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया और इसे देश के नौजवानों पर हमला बताकर दिखाया जो सही नहीं था। लेकिन इंटरनेट पर युवाओं का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था। बेरोजगारी और टूटे हुए सिस्टम को लेकर जो नाराजगी पहले से धधक रही थी उसे एक चिंगारी मिल गई थी।
इसी माहौल में कॉकरोच जनता पार्टी का जन्म हुआ जो मीम्स, व्यंग्य और राजनीतिक गुस्से को एक साथ लेकर चलती है और सोशल मीडिया पर तूफान की तरह फैल रही है।
यह पूरी तरह बेबुनियाद है कि मैंने अपने देश के युवाओं की आलोचना की। मैं न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य की मानव संसाधन क्षमता पर भी गर्व करता हूं। भारत का हर युवा मुझे प्रेरित करता है। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि भारतीय युवाओं का मेरे प्रति गहरा सम्मान है और मैं भी उन्हें विकसित भारत के स्तंभ के रूप में देखता हूं।जस्टिस सूर्यकांतभारत के मुख्य न्यायाधीश
घोषणापत्र में क्या है?
पार्टी ने एक घोषणापत्र भी जारी किया है जो व्यंग्य और ठोस राजनीतिक मांगों का दिलचस्प मिश्रण है। इसमें मंत्रिमंडल में महिलाओं को 50 फीसदी हिस्सेदारी, दल बदलने वाले सांसद और विधायकों पर 20 साल का चुनावी प्रतिबंध, रिटायरमेंट के बाद जजों को राज्यसभा में न भेजने की मांग और चुनाव में वैध वोट काटने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है। नीट विवाद में फंसे छात्रों के साथ भी पार्टी ने एकजुटता जताई है।
महज पांच दिनों में इंस्टाग्राम पर 60 लाख से ज्यादा और एक्स पर करीब 1 लाख 26 हजार फॉलोअर्स इस पार्टी के साथ जुड़ चुके हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी है क्या?
यह कोई असली राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक ऑनलाइन व्यंग्य आंदोलन है जो आम लोगों खासकर युवाओं की तकलीफ और सिस्टम से उनकी निराशा को जुबान देने की कोशिश कर रहा है। इसका टैगलाइन है वॉयस ऑफ लेजी एंड अनएप्लाइड यानी आलसी और बेरोजगारों की आवाज।
किसने शुरू की यह मुहिम?
अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स कर रहे 30 साल के अभिजीत डिपके ने 16 मई को एक्स पर गूगल फॉर्म शेयर करके लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने की शुरुआत की। वे 2020 से 2023 के बीच आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर भी रह चुके हैं।
पार्टी की सदस्यता के लिए शर्तें बेहद अनोखी हैं जो खुद इस पूरे आंदोलन की भावना बताती हैं। सदस्य बनने के लिए आपका बेरोजगार होना जरूरी है, आलसी होना जरूरी है, हर वक्त ऑनलाइन रहना जरूरी है और गुस्से को प्रोफेशनल तरीके से जाहिर करना आना चाहिए।









