टै्रफिक पुलिस ने दो यात्री बसों पर की कार्रवाई

By AV NEWS

आगर रूट की बसें निकल रही फ्रीगंज ब्रिज से, रांग साइड निकलने वाले वाहनों को भी रोका

उज्जैन।फ्रीगंज ओवरब्रिज पर रांग साइड से दिनभर वाहन घुसकर टे्रफिक नियम तोड़ते रहते हैं। अक्षर विश्व ने गुरुवार को रांग साइड पर यात्री बसें, टे्रफिक हो रहा जाम शीर्षक से समाचार का प्रकाशन किया। यातायात पुलिस ने संज्ञान लेते हुए गुरुवार की शाम को दो यात्री बसों पर कार्रवाई की। वहीं रांग साइड से निकल रहे वाहनों को भी रोका गया।

यातायात पुलिस ने गुरुवार को नागेश्वर बस सर्विस की आगर सुपरफास्ट क्रमांक एमपी-11-पी-5099 सहित एक अन्य यात्री पर चालानी कार्रवाई। वहीं रांग साइड से निकल रहे वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई। सिंहस्थ के पूर्व आगर और कोटा की ओर से आने वाली बसें जो इंदौर की ओर जाती है। इनके लिए रूट का निर्धारण किया गया था। ये बसें आगर रोड पर दरगाह मंडी चौराहा से एमआर-5 होकर मक्सी रोड ब्रिज से उद्योगपुरी होकर देवास रोड पर ३२वीं बटालियन से नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंचना होता है।

लेकिन यह रूट लंबा पड़ता है। इसलिए आगर की ओर से आने वाली अधिकांश यात्री बसें फ्रीगंज ब्रिज से होकर नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंचती है। यह लंबे समय से हो रहा है। यातायात पुलिस भी कभीकभार ही कार्रवाई करती है। जबकि शहर में संचालित हो रहे दोनों ही बस स्टैंड के लिए किस रूट की बसें जाएगी यह निर्धारित किया गया है। लेकिन नियमों का पालन नहीं किया जाता है।

इंदौर की बसें भी आ रही देवासगेट तक
इधर इंदौर, शाजापुर, देवास जाने के लिए नानाखेड़ा बस स्टैंड का निर्धारण किया गया है। लेकिन उज्जैन-इंदौर के बीच चलने वाली कई यात्री बसें नियम तोड़ते हुए देवासगेट बस स्टैंड से संचालित की जा रही हैैं। ये बसें हरिफाटक ब्रिज से होकर देवासगेट बस स्टैंड पहुंचती है। कई बार यातायात पुलिस कार्रवाई करती है तो फ्रीगंज ब्रिज से होकर देवासगेट पहुंच जाती हैं। पिछले दिनों इंदौर की यात्री बस से मुनिनगर स्थित दो तालाब के सामने दुर्घटना हो चुकी हैं।

Share This Article