फिर न.1 बना इंदौर,100% वेक्सीनेशन का टारगेट पूरा

स्वच्छता, स्मार्ट सिटी, वाटर प्लस, वैक्सीनेशन महाभियान जैसे क्षेत्र में देश में कीर्तिमान स्थापित करने वाले इंदौर आखिरकार जिले में पहले डोज का 100 फीसदी टारगेट पूरा कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। दस लाख की आबादी वाले जिलों में इंदौर टॉप पर है।

कई दिनों से चल रहे प्रयास की कड़ी में मंगलवार को फिर वैक्सीनेशन से जुड़े सारे महकमे पहला डोज का टारगेट पूरा करने में लगे रहे। ऐसे लोग जिन्होंने अब तक वैक्सीन नहीं लगाई थी उन्हें अलग-अलग माध्यमों से खोजा। फिर कहीं ऊपरी फ्लैट में, कहीं दूरस्थ गांवों में, कहीं खेतों आदि स्थानों पर उनका पता लगाकर मोबाइल वेन टीमें मौके पर भेजी गई और उन्हें वैक्सीन लगाई व पहले डोज का 100 फीसदी टारगेट पूरा हो गया।
कलेक्टर मनीषसिंह ने इस बड़ी उपलब्धि के लिए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों व मीडियाकर्मियों और वैक्सीन अभियान में लगे सभी डॉक्टरों, नर्सों व कर्मचारियों को इसका श्रेय देते हुए बधाई दी है। करीब एक हफ्ते से जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, नगर निगम, नगर पंचायत, जन पंचायत सहित कई महकमे इसमें जुटे थे।
जिला प्रशासन की कोशिश लगातार जारी थी कि पहला डोज जल्द हो इसके लिए पांच दिन से मोबाइल वेन की टीमें दूरस्थ गांवों में ऐसे लोगों को खोजकर उन्हें घर पर ही वैक्सीन लगा रही थी।
मंगलवार को भी 75 से ज्यादा मोबाइल वेन टीम सक्रिय रही और लोगों के पास पहुंची और वैक्सीन लगाई जबकि 400 से ज्यादा सेंटर बनाए गए थे। कलेक्टर मनीषसिंह ने बताया कि टारगेट 28,07,559 का था। मंगलवार शाम 6 बजे तक कुल 28,08,212 को पहले डोज की वैक्सीन लगाकर टारगेट पूरा कर लिया गया।









