भाटपचलाना थाने के आरक्षक ने बगैर नंबर प्लेट की बुलेट से वृद्ध को मारी टक्कर, मौत

परिजनों का आरोप- बुलेट पर पुलिस लिखा था, वीडियो बनाया तो धमकाया

उज्जैन। सड़कों पर रफ्तार का कहर बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि बेलगाम स्पीड से रोज दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे ही एक मामले में भाटपचलाना थाने के आरक्षक भोला ओसारी ने बिना नंबर की तेज रफ्तार बुलेट से बाइक में पेट्रोल डलवाकर लौट रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बुजुर्ग के पैर की हड्डी टूटकर बाहर निकल आई। उज्जैन के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। शनिवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक का नाम शंकरलाल परमार (65) निवासी भिकवा, थाना बिलपांक (रतलाम) है। उनके बेटे कांतिलाल परमार और दामाद अन्नू भाटी ने बताया कि शंकरलाल परमार 23 अप्रैल की शाम करीब 6.30 बजे घर से बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए रूनिजा और भाटपचलाना के बीच छेड़ावदा फंटे पर गए थे। यहां से पेट्रोल भरवाकर वह वापस लौट रहे थे तभी तेज रफ्तार से आए बुलेट सवार ने उन्हें साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शंकरलाल परमार के पैर की हड्डी टूटकर बाहर निकल आई और बाइक का इंजन भी बाहर निकल गया। इसमें बुलेट सवार भी घायल हो गया।
तत्काल पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने शंकरलाल के परिवार को सूचना दी। इसके बाद दोनों को तत्काल बडऩगर अस्पताल ले जाया गया जहां से शंकरलाल की गंभीर हालत को देखते हुए उज्जैन रैफर कर दिया। परिजन उन्हें चरक हॉस्पिटल लेकर आए लेकिन फिर वहां पर भर्ती करवाने के बजाय निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां शुक्रवार रात करीब १० बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
नंबर प्लेट पर लिखा था ‘पुलिस’
मृतक के पुत्र कांतिलाल परमार और दामाद अन्नू भाटी ने बताया बुलेट सवार शख्स भी हादसे में घायल हुआ है लेकिन उसे ज्यादा चोट नहीं लगी। उसकी बुलेट पर नंबर नहीं था और आगे की नंबर प्लेट पर ‘पुलिस’ लिखा था। संभवत: वह शराब के नशे में था। जब कुछ लोगों ने उसका वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसने उन्हें धमकाया भी। बाद में उसके साथी पुलिसकर्मी उसे साथ ले गए।
इनका कहना
टक्कर में जो पुलिसकर्मी घायल है वह हमारे भाटपचलाना थाने का ही आरक्षक भोला ओसारी है। वह रतलाम में भर्ती है, उसका जबड़ा टूट गया है। आरक्षक भोला बडऩगर से तामिल करवाकर लौट रहा था तभी छड़ावदा फंटे पर बुजुर्ग अचानक मुड़ गए जिससे हादसा हुआ। टक्कर आमने-सामने की है।
सतेंद्रसिंह चौधरी, टीआई, थाना भाटपचलाना
View this post on Instagram









