भारत जोड़ो यात्रा में प्रियंका गांधी भी होंगी शामिल!

By AV NEWS

महाकाल मंदिर में दर्शन-पूजन और सभा में राहुल गांधी के साथ रहने की उम्मीद

उज्जैन। भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी। मध्यप्रदेश की यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपनी बहन प्रियंका गांधी का साथ भी मिलेगा। यह पहला मौका होगा जब प्रियंका इस यात्रा का हिस्सा बनेंगी। बताया जा रहा है कि वे यात्रा में भाग लेने के लिए उज्जैन में आएंगी। यहां राहुल गांधी महाकाल मंदिर में पूजन और आमसभा को संबोधित करेंगे। उम्मीद है प्रियंका महाकाल दर्शन के साथ सभा में भाग ले सकती हैं।

भारत जोड़ो यात्रा में प्रियंका गांधी के शामिल होने की चर्चा चल पड़ी है। इस संबंध में कांग्रेस का कोई नेता कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। वही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजयसिंह ने इंदौर में पत्रकारों से चर्चा में उम्मीद व्यक्त करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती है।

प्रियंका के शामिल होने के मायने

राहुल गांधी जब से भारत जोड़ो यात्रा पर निकले है, तब से प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के प्रचार में सक्रिय थी। अभी तक यात्रा में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी शामिल हो चुकी हैं, लेकिन प्रियंका यात्रा में नहीं गई है। उन्होंने यात्रा के लिए मध्यप्रदेश को चुना है। दरअसल पिछले चुनाव में प्रियंका ने इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में रोड शो किए थे। तब कांग्रेस को कुछ सीटों पर फायदा भी हुआ था।

इसके साथ ही कांग्रेस उज्जैन से अधोषित तौर पर मिशन 2023 का आगाज भी कर रही है,इसीलिए कांग्रेस ने मप्र में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान केवल उज्जैन में राहुल गांधी की जनसभा रखी है। इसमें प्रियंका को भी शामिल किया जा रहा है। इसके अलावा महाकाल लोक के लोकार्पण के समय भाजपा की प्रदेश सरकार ने उज्जैन में बड़ा आयोजन किया था। माना जा रहा है कि उसके जवाब और मिशन 2023 के लिए कांग्रेस भी उज्जैन में आमसभा करा रही है, जिसमें राहुल के साथ प्रियंका भी शामिल होंगी।

राहुल के साथ वही चलेंगे, जिनका नाम मप्र कांग्रेस देगी

भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी मंथन किया जा रहा है। यात्रा को लेक मप्र पुलिस द्वारा सुरक्षा इंतजामों की तैयार की जा रही है। हर जिले में सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। राहुल गांधी की सुरक्षा में 18 डीएसपी व 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मध्य प्रदेश में 23 नवंबर से प्रस्तावित राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कड़ी सुरक्षा रहेगी।

यात्रा के दौरान राहुल के साथ वही लोग चल पाएंगे, जिनके नाम कांग्रेस द्वारा पुलिस को दिए जाएंगे। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बाकी लोग उनके पास तक आसानी से नहीं पहुंच पाएं, इसके लिए सड़क के दोनों ओर रस्सी लगाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में 18 उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के अलावा हर पाली में करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

कांग्रेस की ओर से अभी यात्रा कार्यक्रम नहीं मिला…. वैसे तो कांग्रेस ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का प्रारंभिक शेड्यूल जारी कर दिया है,लेकिन मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और प्रत्येक जिले के भीतर का रुट अधिकृत तौर पर प्रशासन और पुलिस को नहीं मिला है। फिर भी सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। विश्राम स्थल, पैदल यात्रा, कारकेड और सभा स्थल पर जरूरत के अनुसार सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा जहां-जहां यातायात बदला जाएगा, वहां भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। पैदल यात्रा वाले मार्ग से जो भी छोटी-बड़ी सड़कें जुड़ती हैं, उनका भी यातायात परिवर्तित किया जाएगा। सभी जिलों में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। इसके बाद भी यदि आवश्यकता हुई तो दूसरे जिलों से बल बुलाया जाएगा।

Share This Article