महाकाल की शरण में दिल्ली और गोवा के मंत्री

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार सुबह दो अलग-अलग राज्यों के मंत्रियों ने भगवान महाकाल के दरबार में मत्था टेका।
गोवा के कैबिनेट मंत्री सुभाष उत्तम फल देसाई सुबह 4 बजे मंदिर पहुंचे। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के पश्चात उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल का पूजन-अभिषेक कर आशीर्वाद लिया।

सुबह 7.30 बजे होने वाली दद्योदक आरती में दिल्ली सरकार के गृहमंत्री आशीष सूद शामिल हुए। उन्होंने भी नंदी हॉल से भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने दोनों ही अतिथियों का मंदिर की परंपरा के अनुसार पुष्पहार और प्रसाद भेंट कर सम्मान व सत्कार किया।
दर्शन के उपरांत मीडिया से चर्चा में गोवा के मंत्री ने कहा कि वे लंबे समय से उज्जैन आने का विचार कर रहे थे और आज दर्शन पाकर धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से मंदिर समिति द्वारा आम भक्तों के लिए की गई सुगम दर्शन व्यवस्था की प्रशंसा की।









