सरकारी शौचालय पर पोस्टर चिपकाना आनंदम नेत्रालय को भारी पड़ा, 10 हजार का जुर्माना

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। निगम की सार्वजनिक संपत्तियों और चौराहों पर बिना अनुमति के बैनर-पोस्टर या विज्ञापन लगाने वालों को अब भारी आर्थिक दंड भुगतना होगा। इसी कड़ी में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आनंदम नेत्रालय पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
गुरुवार को नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग के उपायुक्त संजेश गुप्ता घास मंडी मजदूर चौराहा स्थित निगम के सार्वजनिक शौचालय की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे। उपायुक्त ने देखा कि सुभाष नगर दो तालाब स्थित आनंदम नेत्रालय द्वारा अपने प्रचार-प्रसार के लिए नगर निगम के इस सार्वजनिक शौचालय की दीवार पर बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से विज्ञापन फ्लेक्स चस्पा किए गए थे।
निगम की टीम सीधे सुभाष नगर दो तालाब स्थित आनंदम नेत्रालय के परिसर पहुंची और प्रबंधन पर 10 हजार रुपये का स्पॉट फाइन (जुर्माना) लगा दिया।









