सिंहस्थ महापर्व की तैयारी… जीआरपी ने मांगा 6 हजार का बल, बनेगा सुरक्षा का अभेद किला

फ्लैग स्टेशनों पर होंगे अस्थायी थाने, रुकने की व्यवस्था, बॉडीवार्म कैमरे सहित अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण से रहेंगे लैस
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व 2028 के दौरान रेलवे का रोल सबसे अहम होगा। जितने यात्री सड़क मार्ग से आएंगे उतने ही श्रद्धालु रेल मार्ग से भी आएंगे। इसी को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए रेलवे प्रशासन अभी से बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहा है।
इसी कड़ी में सिंहस्थ के दौरान उज्जैन और उसके आसपास के रेलवे स्टेशनों पर उमडऩे वाली करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए जीआरपी ने 6 हजार के अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है। इसके लिए कार्यालय से प्रस्ताव बनाकर भी भेजा गया है। सिंहस्थ के दौरान उज्जैन सहित नईखेड़ी, पिंगलेश्वर, मोहनपुरा, पंवासा, चिंतामन, विक्रमनगर में बन रहे फ्लैग स्टेशनों, प्लेटफॉम्र्स और यात्री होल्डिंग एरिया की सुरक्षा की जिम्मेदारी इनके कंधों पर होगी। जीआरपी थाने में पदस्थ एसआई बीएस कुशवाह ने बताया वर्तमान में थाने में 45की संख्या में बल है।
दरअसल, सिंहस्थ 2028 के दौरान लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके लिए रेलवे करीब 7,800 विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है। इतने बड़े पैमाने पर ट्रेनों के संचालन के कारण ही भारी संख्या में सुरक्षा बल की मांग की है।
दौरा कर लिया जायजा
रेलवे एसपी अंकित जायसवाल ने डीएसपी रेल इंदौर अनुभाग उज्जैन ज्योति शर्मा के साथ गुरुवार को उज्जैन स्टेशन का जायजा लेते हुए यहां चल रहे रेलवे के निर्माण कार्यों के साथ पार्किंग एरिया, एफओबी और सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया का जायजा लिया था। साथ ही बल की उपलब्धता के बारे में जीआरपी टीआई अमित भावसार से चर्चा की थी। इसके अलावा एसपी ने बल के रुकने की व्यवस्था, संसाधन और बनने वाले अस्थायी थानों की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए थे।
अलग-अलग थाने बनेंगे
एसआई बीएस कुशवाह ने बताया उज्जैन के आसपास नईखेड़ी, पिंगलेश्वर, मोहनपुरा, पंवासा, चिंतामन, विक्रमनगर में बनने वाले फ्लैग स्टेशन पर सिंहस्थ के दौरान अस्थायी थाने भी बनाए जाएंगे जो स्टेशन परिसर में ही होंगे। इन थानों पर पूरे समय 100 पुलिसकर्मियों का बल तैनात किया जाएगा जो अलग-अलग शिफ्ट में काम करेगा ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। फोर्स को बॉडीवार्म कैमरे सहित अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण से लैस किया जाएगा।
इनका कहना
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सुरक्षा व्यवस्था के लिए ६ हजार के अतिरिक्त बल की मांग की गई है। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर कार्यालय से भेज दिया गया है।
अमित भावसार, टीआई, जीआरपी









