महाकाल के चरणोंं में अर्पित किया स्वच्छता का राष्ट्रीय सम्मान

महाकाल मंदिर पहुंचे जनप्रतिनिधि और अफसर, एक दूसरे से साझा की अपनी खुशियां
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में उज्जैन को पहला पुरस्कार मिलने की खुशी गुरुवार को शहर में छाई रही। जनप्रतिनिधि और अफसर बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे और बाबा के चरणों में स्वच्छता का राष्ट्रीय सम्मान अर्पित किया। इस दौरान शहर में पदस्थ बड़े अफसरों से भी मुलाकात की।
दरअसल, स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को उज्जैन को यह सम्मान प्रदान किया था। गुरुवार को महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा पुरस्कार लेकर सीधे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान से बाबा महाकाल के चरणों में राष्ट्रीय सम्मान अर्पित कर उपलब्धि के लिए आभार जताया।
इंदौर विमानतल से उज्जैन पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान निगम के सफाई मित्रों को भी विशेष रूप से बुलाया गया है। महापौर, निगम अध्यक्ष एवं निगम आयुक्त ने राष्ट्रीय सम्मान का श्रेय शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में दिन-रात जुटे सफाई मित्रों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहरवासियों की मेहनत और समर्पण को दिया। इस मौके पर सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी संत उमेशनाथ, उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा एवं नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल थे।
उज्जैन की राष्ट्रीय पहचान बरकरार रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी
महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव एवं निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर मिली गौरवपूर्ण उपलब्धि और उज्जैन की स्वच्छता की पहचान को हमें निरंतर बनाए रखना है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन एक धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी है, जहां प्रतिदिन हजारों-लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। यहां से लौटते समय प्रत्येक श्रद्धालु अपने साथ उज्जैन की स्वच्छता, सुंदरता और सकारात्मक अनुभव की याद लेकर जाए, यह हम सभी का प्रयास होना चाहिए।
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने किया सफाई मित्रों का सम्मान
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से नगर निगम के सफाई मित्रों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। सफाई मित्रों को बाबा महाकाल का दुपट्टा एवं प्रसाद भेंट किया गया।
संभाग आयुक्त-कलेक्टर के साथ साझा की खुशियां
दिल्ली से पुरस्कार लेकर लौटे निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने संभाग आयुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह से मुलाकात की और पुरस्कार की खुशियां साझा की। इस दौरान अपर आयुक्त डॉ. नेहा जैन, पवन कुमार सिंह, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया, रविकांत मगरदे एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री पवन कुमार उपस्थित रहे।









