इंदौर में दूषित पानी से 33वीं मौत

इंदौर। भागीरथपुरा में दूषित पानी हादसे में एक और मौत हो गई। मृतक का नाम अलगूराम यादव (70) है। उन्हें 9 जनवरी को अरबिंदो हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। उन्हें सांस संबंधी तकलीफ थी। इनके सहित अब तक इस हादसे में 33 मौतें हो चुकी हैं।

इसके पहले अलगूराम यादव की पत्नी की भी दूषित पानी से मौत हो चुकी है। पत्नी को भी उल्टी-दस्त की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उर्मिला यादव ने दम तोड़ दिया था। उनकी मौत को महीनेभर हो गए हैं। बेटे संजय यादव का कहना है कि पिता को पहले से कोई बीमारी नहीं थी।
उल्टी-दस्त के चलते अस्पताल में एडमिट किया था, जहां उनकी जान चली गई। अभी हॉस्पिटल में एडमिट मरीजों की संख्या तीन है, जबकि 450 से ज्यादा मरीज एडमिट होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। इसके पहले 1 फरवरी को 32वीं मौत हुई थी। तब अनिता कुशवाह (65) ने दम तोड़ा था।
हाईकोर्ट ने स्वतंत्र जांच आयोग के गठन का दिया था आदेश
27 जनवरी को हाईकोर्ट ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हो रही मौतों के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए शासन और नगर निगम की रिपोर्ट को ‘आई-वॉश’ करार दिया था। कोर्ट ने माना कि यह मामला गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति से जुड़ा है। हाईकोर्ट ने कहा कि स्वच्छ पेयजल का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का हिस्सा है।









