घर में मिले मां-पत्नी और दो बच्चों के शव, एक रेलवे ट्रैक पर मिला

भोपाल : एक ही परिवार में पांच लोगों की मौत
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मालीखेड़ी इलाके में सोमवार को एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का मामला सामने आया। परिवार के चार सदस्यों के शव किराए के मकान में मिले, जबकि मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र ने पहले अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों की हत्या की और इसके बाद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को परिवार पर कर्ज और आर्थिक तंगी का दबाव होने की जानकारी मिली है।
छोला थाना पुलिस के मुताबिक, घर में नरेंद्र की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के शव मिले हैं। सभी के सिर और गले पर चोट के निशान थे। परिवार मालीखेड़ी स्थित पीएमएवाय एलआईजी कॉलोनी के एलआईजी बी-4 मकान में रहता था। नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला था। सोमवार सुबह एक रिश्तेदार को उसकी मौत की सूचना मिली। वह परिवार को जानकारी देने मालीखेड़ी स्थित घर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
कर्ज के दबाव में था परिवार का मुखिया
डीसीपी आदर्श कांत शुक्ला ने बताया कि नरेंद्र पर कर्ज का दबाव और मानसिक तनाव होने की बात सामने आई है। परिवार का एक छोटा रेस्टोरेंट था, जो कुछ समय पहले बंद हो गया था। बताया गया है कि नरेंद्र पिछले 15 से 20 दिनों से कोई काम भी नहीं कर रहा था। पुलिस आर्थिक परेशानी और घटना के बीच संबंध की जांच कर रही है।









