उज्जैन जिले के 98% सरकारी स्कूलों में नहीं है खेलकूद शिक्षक

By AV NEWS

गतिविधियों का संचालन गेस्ट फेकल्टी के माध्यम से हो रहा…

उज्जैन। एक तरफ तो पढ़ाई के साथ खेलों के विकास पर जोर दिया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं ही नहीं है कि खेल गतिविधियां करवाई जा सके। हाल यह है कि जिले के करीब 2486 सरकारी स्कूलों में वर्तमान में सिर्फ 27 खेल शिक्षक पदस्थ हैं। ऐसे में सरकारी स्कूलों में खेल गतिविधियों का संचालन गेस्ट फेकल्टी के माध्यम से किया जा रहा हैं।

बता दें कि सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा के लिए खेल गतिविधियों का कैलेंडर जारी किया गया है। लेकिन स्कूलों में बच्चों को गाइड करने के लिए खेल शिक्षक ही नहीं हैं। वहीं, आधे से अधिक स्कूलों का अपना खेल मैदान तक नहीं है। ऐसे में स्कूलों से खेल प्रतिभाओं के निकलने और बेहतर करने की उम्मीद बेमानी है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत अब प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में भी खेल को अनिवार्य किया गया है। अभी तक प्राथमिक, माध्यमिक व हाईस्कूल के लिए खेल शिक्षक के पद ही स्वीकृत नहीं है। हायर सेकंडरी स्कूलों के लिए खेल शिक्षक के पद स्वीकृत हैं। उसमें से भी 70 प्रतिशत स्कूलों में पद रिक्त हैं। अब सवाल यह है कि ऐसे में विद्यार्थियों को खेल गतिविधि कैसे कराई जाए।

जिले के 1400 प्राथमिक, 887 माध्यमिक और 199 उच्च विद्यालयों में लगभग एक लाख बच्चे पढ़ते हैं। इन बच्चों के लिए बैट बॉल से लेकर बास्केटबॉल, फुटबॉल, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट, एथलेटिक्स सहित कई अन्य आउटडोर और इनडोर खेल के लिए सामग्री की खरीद तो हर साल की जाती हैं। लेकिन इन खेलों के प्रशिक्षण के लिए शिक्षक ही नहीं हैं। पूरे जिले में सरकारी स्कूलों में मात्र 27 खेल शिक्षक ही कार्यरत हैं।

हिंदी, गणित, विज्ञान के शिक्षक दे रहे खेल प्रशिक्षण

स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से खेल शिक्षक की कमी को पूरा करने के लिए सरकारी स्कूल के हिंदी, गणित, विज्ञान सहित अन्य विषयों के शिक्षकों को मई माह में पांच दिन का खेल प्रशिक्षण दिया गया था। जो बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। अब ऐसे में पांच दिन में खेल का प्रशिक्षण लेकर कैसे स्कूलों में बच्चों को खेलना सिखाएंगे।

इनका यह कहना:

खेल शिक्षक की नियुक्ति शासन स्तर पर होती है। वर्तमान में खेल गतिविधियों का संचालन अतिथि शिक्षकों के माध्यम से किया जा रहा हैं। जिन स्कूलों में अतिथि शिक्षक नहीं है, वहां हिंदी, गणित, विज्ञान के शिक्षक ही बच्चों को खेल प्रशिक्षण दे रहे हैं।
अरविंद जोशी,
क्रीड़ा अधिकारी, जिला
शिक्षा विभाग, उज्जैन

उज्जैन जिले की स्थिति

2486
जिले के कुल सरकारी स्कूल
1400
प्राथमिक स्कूल
887
माध्यमिक स्कूल
97
हाई स्कूल
102
हायर सेकंडरी स्कूल
27
पदस्थ खेल शिक्षक

Share This Article