संकटमोचन पुलिस… छात्र का फोटो बनवाया, छात्रा को सेंटर पहुंचाया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नीट की एग्जाम देने आए स्टूडेंट्स के लिए पुलिस ‘संकटमोचनÓ बनी। एक छात्र के पास फोटो नहीं था जिसे फोटो उपलब्ध करवाया और गलत सेंटर पर पहुंची छात्रा को सही सेंटर पर पहुंचाकर उसके भविष्य को बचाया।

दरअसल, रविवार को शहर में 9 सेंटर्स पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की एग्जाम थी। इसमें शामिल होने के लिए अलग-अलग जगह से स्टूडेंट्स पहुंचे थे। महिदपुर निवासी अमन अपने सेंटर महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उमावि, सराफा पहुंचा था लेकिन यहां उसके पास पासपोर्ट फोटो नहीं था।
अमन को घबराया देख एएसआई चंद्रभानसिंह चौहान ने उससे परेशानी पूछी तो उसके पास फोटो नहीं है। इस पर एएसआई चौहान ने तत्काल उसे एक फोटो लिया और उसे डेवलप करवाकर 15 मिनट में अमन को सौंप दिया। जिससे वह परीक्षा में शामिल हो सका। अमन ने पुलिस को धन्यवाद दिया। इसी तरह एक अन्य छात्रा महाराजवाड़ा स्कूल की जगह गलत सेंटर शासकीय बालक उमावि सराफा पहुंच गई जिसे भी एएसआई ने तत्परता दिखाते हुए 5 मिनट के अंदर सही सेंटर पर पहुंचा दिया। सीएसपी कोतवाली राहुल देशमुख और महाकाल टीआई गगन बादल के मार्गदर्शन में यह सब हुआ।
एसपी ने भी लिया जायजा
पुलिस कप्तान प्रदीप शर्मा ने भी नीट परीक्षा के दौरान अलग-अलग सेंटर्स पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा के साथ अभ्यर्थियों की सुविधा, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा और पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया।









