उज्जैन : नगर निगम चुनाव 2022 की खबर और चर्चा….

By AV NEWS

भाजपा में पहली बार फोन पर सर्वे, पूछा जा रहा…महापौर के लिए कौन योग्य है ?

उज्जैन। नगर निगम उज्जैन के महापौर चुनाव को लेकर अभी सभी की दिलचस्पी इसमें है कि भाजपा किसको मैदान में उतारेगी। हकीकत यह है कि तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार को प्रत्याशी बनाने के बाद भाजपा के लिए प्रत्याशी चयन उतना आसान नहीं रह गया है। भाजपा में पहली बार फोन पर सर्वे कर पूछा जा रहा…कि उज्जैन में महापौर का चुनाव लडऩे के लिए योग्य मानते हैं।

कहने वाले कह सकते हैं कि कांग्रेस ने तो कुछ माह पहले ही महेश परमार को प्रत्याशी घोषित कर अपने पत्ते खोल दिए थे,तो भाजपा को उनका तोड़ तभी ढूंढ लेना था। बात सही है, लेकिन तब भाजपा कुछ करती उसके पहले ही चुनाव की बात टल गई थी। फिर अब यह हुआ है कि चुनाव के लिए भाजपा की ओर से कुछ नयी गाइड लाइन्स की चर्चा है। वह यह है कि पार्टी किसी विधायक को महापौर का चुनाव नहीं लड़ाएगी और न किसी नेता के परिजन को टिकट देगी। इसके अलावा उम्र की सीमा भी तय की गई है।

हालांकि अभी अधिकृत रूप से इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं है। जो हो पर भाजपा के संभावित महापौर उम्मीदवार को लेकर पार्टी में चिंतन-मंथन के साथ संगठन द्वारा फोन पर सर्वे किया जा रहा है।

हेलो…हम प्रदेश भाजपा कार्यालय से बोल रहे है

अब चुनाव का पूरा कार्यक्रम सामने आ गया है और भाजपा ने टिकट वितरण को लेकर जो भी नीति बनाई है उसका आगामी कुछ दिनों में खुलासा हो जाएगा। अलबत्ता महापौर के टिकट की जहां तक बात है तो कांग्रेस से महेश परमार की उम्मीदवारी के बाद भाजपा के लिए उम्मीदवार का चयन आसान नहीं रह गया है। खासकर उस सूरत में जबकि पार्टी की तय लाइन के अनुसार महापौर का चुनाव लड़ाने की बात है।

बहरहाल सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने एक सर्वे शुरू किया है। भाजपा बूथ अध्यक्ष-महामंत्री के पास फोन आ रहे है, हलो हम प्रदेश भाजपा कार्यालय से बोल रहे है। फोन पर भाजपा के बूथ लेवल के पदाधिकारियों से उनकी पसंद के वो तीन नाम बताने को कहा जा रहा है, जिन्हें वो उज्जैन में महापौर का चुनाव लडऩे के लिए योग्य मानते हैं। सूत्रों के अनुसार भाजपा के प्रदेश कार्यालय से इस बारे में उज्जैन के अनेक लोगों को फोन आये हैं और उनसे तीन नाम मांगे गए। उज्जैन भाजपा के कुछ सदस्यों ने ऐसे फोन आने की पुष्टि की है।

चुनावी खर्च की सीमा तय: महापौर, पार्षद प्रत्याशी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी खर्च की सीमा तय कर दी है। इसके हिसाब से 10 लाख से कम जनसंख्या वाले शहर के महापौर प्रत्याशी 15 लाख तक और पार्षद प्रत्याशी 3.75 लाख रुपए खर्च कर सकेंगे।

कल से नामांकन की प्रक्रिया

  • नगर निगम उज्जैन के महापौर और 54 वार्ड के पार्षद के लिए मतदान 6 जुलाई को होगा। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया 11 जून से प्रारंभ हो रही है।
  • 11 जून: सुबह 10.30 बजे से नामांकन दाखिल होंगे।
  • 18 जून:नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि रहेगी।
  • 20 जून: नामांकन पत्रों की जांच होगी।
  • 22 जून: दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी हो सकेगी।
Share This Article