कैंसर विशेषज्ञ की चेतावनी, बच्चों पर भूलकर भी न लगाएं ये उत्पाद

हर मां-बाप यही चाहते हैं कि उनका बच्चा तंदुरुस्त रहे और कोई तकलीफ न हो। हम अक्सर बाजार में मिलने वाली चीजों को बिना सोचे-समझे बच्चों पर लगाते रहते हैं यह सोचकर कि अगर दुकान पर मिल रही है तो नुकसानदेह नहीं होगी। लेकिन कैंसर विशेषज्ञों की मानें तो बच्चों की त्वचा और शरीर बड़ों के मुकाबले कहीं ज्यादा नाजुक होते हैं इसलिए कुछ आम चीजें भी उनके लिए हानिकारक साबित हो सकती हैं। हाल ही में ऑन्कोलॉजिस्ट ने ऐसे कुछ उत्पादों की सूची जारी की है जिन्हें बच्चों पर बिल्कुल नहीं लगाना चाहिए।
1. टैलकम पाउडर
नवजात शिशुओं की कोमल त्वचा को सूखा और रैश मुक्त रखने के लिए टैलकम पाउडर का इस्तेमाल घर-घर में होता है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इसमें हानिकारक तत्व मिले होने का खतरा बना रहता है। बच्चे की नाभि और नाजुक अंगों पर इसे लगाने से बचें। बेहतर होगा कि इसकी जगह हल्की मॉइस्चराइजिंग क्रीम या सूखे कपड़े से सफाई की जाए।
2. प्लास्टिक फीडिंग बॉटल
बाजार में ज्यादातर प्लास्टिक बोतलें BPA, BPS और BPF मुक्त बताई जाती हैं, लेकिन बार-बार उबालने और साफ करने की प्रक्रिया में प्लास्टिक टूटने लगता है और उसमें से हानिकारक रसायन या माइक्रोप्लास्टिक दूध में घुल सकते हैं। कांच या स्टेनलेस स्टील की बोतल ज्यादा सुरक्षित विकल्प है और एक ही प्लास्टिक बोतल को लंबे समय तक बार-बार इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
3. केमिकल सनस्क्रीन
धूप से बच्चों की त्वचा बचाना जरूरी है लेकिन इसके लिए हर सनस्क्रीन सही नहीं होती। रासायनिक तत्वों से बनी सनस्क्रीन बच्चों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। बच्चों के लिए हमेशा जिंक ऑक्साइड या टाइटेनियम डाइऑक्साइड युक्त मिनरल सनस्क्रीन ही चुनें क्योंकि ये नाजुक त्वचा के लिए कहीं अधिक सुरक्षित मानी जाती हैं।
4. खुशबूदार बाथ और शैंपू
कई नहाने के उत्पादों और शैंपू में फ्थैलेट्स और फॉर्माल्डिहाइड छोड़ने वाले रसायन पाए जाते हैं जो बच्चों की त्वचा और हार्मोन को नुकसान पहुंचा सकते हैं। बच्चों के लिए बिना खुशबू वाले शैंपू और साबुन का इस्तेमाल करें। खासतौर पर तीन साल से छोटे बच्चों को कृत्रिम सुगंध वाले उत्पादों से दूर रखना जरूरी है।
5. रबर के खिलौने
रंग-बिरंगे रबर और स्क्वीजी बाथ टॉयज बच्चों को बेहद पसंद होते हैं लेकिन इनमें अक्सर फ्थैलेट्स जैसे हानिकारक तत्व होते हैं। पानी में भीगने के बाद इनसे रसायन निकलने लगते हैं जो बच्चे के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकते हैं। खिलौने खरीदते वक्त फ्थैलेट मुक्त और सुरक्षित सामग्री से बने विकल्प ही चुनें।
6. खुशबूदार बेबी वाइप्स
बेबी वाइप्स इस्तेमाल में भले ही बड़े आसान लगते हों लेकिन अगर इनमें खुशबू हो तो बच्चे की त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। इनमें PEGs, एथिलीन ऑक्साइड और सुगंधित रसायन मिले होते हैं। संवेदनशील त्वचा वाले बच्चों के लिए बिना खुशबू वाले या केवल पानी से बने वाइप्स ही ठीक रहते हैं। चाहें तो मुलायम कपड़े और साफ पानी से भी काम चला सकते हैं।









