महाशिवरात्रि पर महाकाल अन्नक्षेत्र में श्रद्धालुओं को मिलेगी साबूदाना खिचड़ी

उज्जैन। महाशिवरात्रि पर श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को साबूदाने की फलाहारी खिचड़ी परोसी जाएगी। जिसे श्रद्धालु अन्नक्षेत्र में बैठकर ही ग्रहण कर सकेंगे। उस दिन 8 क्विंटल फलाहारी खिचड़ी बनाई जाएगी। इसके अलावा मंदिर में भी भेजी जाएगी ताकि अलग-अलग जगह काउंटर लगाकर वहां भी श्रद्धालुओं को वितरित किया जा सके।

दरअसल, महाकाल महालोक के नंदी द्वार के समीप पार्किंग परिसर में श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र संचालित किया जाता है। यहां देशभर से आने वाले 5 से 7 हजार श्रद्धालु रोज भोजन करते हैं। अन्नक्षेत्र प्रभारी मिलिंद वैद्य ने बताया कि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को फलाहारी खिचड़ी का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा यदि कोई दानदाता दूध एवं अन्य सामग्री उपलब्ध करवाता है तो श्रद्धालुओं के लिए साबूदाने की खीर भी बनाई जाएगी क्योंकि यह भगवान शिव के विवाह का दिन है।








