मेलोनी बोलीं- एक महीने से सिगरेट नहीं पी, कॉफी पीती हूं

फ्रांस में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के दौरान दुनिया के बड़े नेताओं की अनौपचारिक बातचीत माइक्रोफोन में रिकॉर्ड हो गई। सिगरेट, फुटबॉल और तोहफों जैसी हल्की-फुल्की बातों पर नेताओं को मजाक करते सुना गया जिसने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी।

मेलोनी की सिगरेट छोड़ने वाली बातचीत खूब वायरल
बैठक शुरू होने से पहले इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने नेताओं से कहा कि उन्होंने आज तीन कप कॉफी पी है। यह सुनकर यूरोपीय यूनियन की चीफ उर्सला वॉन डेर लेयेन ने पूछा कि क्या यह उठने के लिए पी गई थी। इस पर जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज ने मजाक में पूछा कि सिगरेट कितनी पी। मेलोनी ने इससे इनकार करते हुए बताया कि उन्होंने एक महीने से सिगरेट नहीं पी है। यह सुनते ही कनाडा, ब्रिटेन, जापान और यूरोपीय संघ के नेताओं ने उन्हें बधाई दी और मेलोनी ने खुशी में दोनों हाथ उठा दिए। इसके बाद कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या उन्होंने निकोटिन पैच लगाया है, जिस पर आसपास मौजूद लोग हंस पड़े।
फुटबॉल पर भी हुई दिलचस्प चर्चा
अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में चल रहे फीफा विश्व कप के बीच नेता खेलों पर भी चर्चा करते नजर आए। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपनी टीम का समर्थन करते हुए आगे बढ़ो फ्रांस कहा। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने केप वर्डे की टीम की तारीफ की जिसने मौजूदा विश्व चैंपियन स्पेन के खिलाफ ड्रॉ खेला था। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने फुटबॉल से इतर अपने जन्मदिन पर हुए UFC मुकाबले का जिक्र किया और उसके आयोजक की तारीफ की।
ट्रम्प ने फिर किया ग्रीनलैंड का जिक्र
समिट में एक रहस्यमय बातचीत भी रिकॉर्ड हुई जब ट्रम्प यूरोपीय परिषद के चीफ से बात कर रहे थे। बातचीत के बीच ट्रम्प ने अचानक ग्रीनलैंड का नाम लिया लेकिन बाकी बातचीत साफ सुनाई नहीं दी। यह टिप्पणी चर्चा में आ गई क्योंकि ट्रम्प पहले भी कई बार डेनमार्क के स्वायत्त क्षेत्र ग्रीनलैंड को खरीदने की इच्छा जता चुके हैं।
मैक्रों की घड़ी और तोहफों का दिलचस्प आदान-प्रदान
सम्मेलन के दौरान मैक्रों अपनी घड़ी कहीं छोड़ गए। जब नेता दोपहर के खाने के लिए जा रहे थे तब कार्नी ने बताया कि उनके पास मैक्रों की घड़ी है। इस पर ट्रम्प ने मजाक में कहा कि अगर छोड़ दी है तो मुझे दे दो जिसे सुनकर सभी हंस पड़े। समिट में तोहफों का भी आदान-प्रदान हुआ। मैक्रों ने सभी G7 नेताओं को व्यक्तिगत साइकिल भेंट की। जर्मन चांसलर मर्त्ज ट्रम्प के लिए जर्मनी की फुटबॉल जर्सी लेकर पहुंचे जिस पर ट्रम्प का नाम और 47 नंबर लिखा था, जो उनके अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति होने का संकेत था।
मोदी और मेलोनी की मुलाकात भी रही खास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात भी चर्चा में रही। मेलोनी ने मुस्कुराते हुए मोदी से दोबारा मिलकर अच्छा लगने की बात कही। बातचीत में मोदी ने इंस्टाग्राम का जिक्र किया जिस पर मेलोनी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर हैं। यह सुनकर आसपास मौजूद लोग हंस पड़े।
मैक्रों ने जेलेंस्की-ट्रम्प मुलाकात कराने की बात कही
हर बातचीत मजाकिया नहीं थी। मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की एक गंभीर बातचीत भी रिकॉर्ड हुई। ट्रम्प के साथ हुई पिछली मुश्किल बातचीत का जिक्र करते हुए मैक्रों ने जेलेंस्की से पूछा कि क्या ट्रम्प के साथ उनकी कोई अलग बैठक तय है। जेलेंस्की के ब्रसेल्स जाने की बात बताने पर मैक्रों ने इसकी व्यवस्था करने का भरोसा दिया।
कार्नी ने ट्रम्प को चीन समझौते की जानकारी दी
एक और बातचीत में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ट्रम्प को बताया कि चीन की हालिया यात्रा के दौरान एक समझौता हुआ है जिसके तहत कनाडा में सीमित संख्या में चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों के आयात की अनुमति होगी। कार्नी ने भरोसा दिलाया कि यह आयात कनाडा के बाजार के 3 प्रतिशत से भी कम यानी करीब 49 हजार कारों तक सीमित रहेगा। इस पर ट्रम्प ने कहा कि उन्हें यह बात पसंद आई।









